तेजस्वी यादव आखिर कहां हैं? मंत्री विजय सिन्हा बोले- सदन को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए

सदन में मंत्री विजय सिन्हा
Bihar Vidhansabha Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की लगातार गैरमौजूदगी को लेकर सियासत गरमा गई है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सदन में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाया. जिसके बाद सदन में तीखी बहस देखने को मिली.
Bihar Vidhansabha Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की लगातार गैरमौजूदगी अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है. गुरुवार को कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्षी विधायकों से पूछा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आखिर कहां हैं.
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारण से वह सदन में नहीं आ रहे हैं तो इसकी जानकारी विधानसभा को दी जानी चाहिए. विजय सिन्हा ने आगे कहा कि लोकतंत्र में सदन की गरिमा सबसे ऊपर होती है. ऐसे में नेता प्रतिपक्ष की लगातार अनुपस्थिति पर स्पष्ट जानकारी देना जरूरी है.
विजय सिन्हा बोले- कारण बताना चाहिए
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि तेजस्वी यादव बीमार हैं, किसी पारिवारिक कारण से बाहर हैं या किसी अन्य वजह से सदन में नहीं आ रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता जरूरी है और इस तरह की स्थिति पर सदन को जानकारी मिलनी चाहिए.
राजद ने किया पलटवार, निशांत कुमार का उठाया मुद्दा
कृषि मंत्री के बयान पर राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि बिहार के लोग यह भी जानना चाहते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार कहां हैं.
इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि निशांत कुमार इस सदन के सदस्य नहीं हैं, जबकि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं. इसलिए दोनों मामलों की तुलना नहीं की जा सकती.
अध्यक्ष ने भी मांगी जानकारी
विधानसभा अध्यक्ष ने कुमार सर्वजीत से कहा कि यदि उन्हें जानकारी है तो सदन को बताई जाए. इस पर राजद विधायक ने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है. उनका इलाज दिल्ली में चल रहा है. इसी वजह से तेजस्वी यादव भी दिल्ली में हैं. हालांकि कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार और सदन को आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी दी जानी चाहिए.
पूरे मानसून सत्र में नहीं पहुंचे तेजस्वी
बिहार विधानसभा का मानसून सत्र अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. लेकिन अब तक तेजस्वी यादव एक भी दिन सदन में नजर नहीं आए. उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सत्तापक्ष लगातार सवाल उठा रहा है. वहीं राजद की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
पहले यूरोप दौरे पर थे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव हाल ही में 10 दिन के यूरोप दौरे पर थे. इसी वजह से राजद ने अपना 30वां स्थापना दिवस तय तारीख से पहले आयोजित किया था. 5 जुलाई को उन्होंने यूरोप से पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधित भी किया था. इसके बाद 20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र में भी वह शामिल नहीं हुए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बीजेपी विधायक ने कसा तंज
बुधवार को बीजेपी विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने भी नेता प्रतिपक्ष की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया था. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के विकास में योगदान देने के बजाय "अमेरिका-ईरान युद्ध में मध्यस्थता" करने गए हैं या कहीं आराम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता को उनके बारे में जानकारी मिलनी चाहिए.
जदयू ने भी साधा निशाना
जदयू के प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने भी तेजस्वी यादव की गैरहाजिरी पर सवाल उठाए.
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राजद को भी नहीं पता कि तेजस्वी यादव किस जगह हैं. उन्होंने राजद विधायक के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें कहा गया था कि तेजस्वी की "आत्मा सदन में मौजूद है". नीरज कुमार ने कहा कि यह कैसे संभव है, इसका जवाब राजद को देना चाहिए.
Also Read: 'युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं'..., CM सम्राट चौधरी बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










