'युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं'..., CM सम्राट चौधरी बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
सीएम सम्राट की फाइल फोटो
CM Samrat On Student Protest: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया. वहीं, इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को बिहार विधानसभा और विधान परिषद में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया.
CM Samrat On Student Protest: NEET पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर जारी सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वहीं, इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों में भी जोरदार हंगामा देखने को मिला.
आपके शहर में
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं. उनके सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय या खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा.
'दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने लिखा कि कानून के तहत दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है.
विधानसभा में छात्रों के मुद्दे पर जोरदार हंगामा
छात्रों पर लाठीचार्ज और प्रदर्शन के मुद्दे पर बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई. हालात ऐसे बने कि कुछ देर के लिए हाथापाई जैसी स्थिति बन गई. इसके बाद मार्शल को हस्तक्षेप करना पड़ा.
बीजेपी विधायक के बयान से बढ़ा विवाद
हंगामे के दौरान बीजेपी विधायक श्याम बाबू यादव ने डाकबंगला चौराहे पर हुए प्रदर्शन का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले छात्र नहीं, बल्कि "गुंडे" थे. उनके इस बयान के बाद विपक्षी विधायक भड़क गए और सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया.
छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े हर एक अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
स्पीकर की अपील के बावजूद नहीं थमा हंगामा
हंगामे के बीच स्पीकर ने बार-बार सभी सदस्यों से अपनी सीट पर बैठने और शांति बनाए रखने की अपील की.
उन्होंने कहा कि सभी को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा. इसके बावजूद नारेबाजी और विरोध जारी रहा. आखिरकार विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 2.30 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी. उस समय सदन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे.
विधान परिषद में भी विपक्ष का हंगामा
विधान परिषद में भी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा. विपक्षी सदस्य वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. लगातार हंगामे के चलते सभापति ने परिषद की कार्यवाही दोपहर 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए