अधौरा में जर्जर सीआरपीएफ कैंप में नशेड़ियों व पशुओं का लग रहा जमावड़ा

कस्तूरबा बालिका विद्यालय के समीप वीरान परिसर से छात्राओं की सुरक्षा को खतरा
कस्तूरबा बालिका विद्यालय के समीप वीरान परिसर से छात्राओं की सुरक्षा को खतरा देखरेख के अभाव में खंडहर हो रहा पांच एकड़ में फैला विशाल भवन, प्रशासन मौन अधौरा. अधौरा थाना क्षेत्र में स्थित पूर्व सीआरपीएफ कैंप की हालत इन दिनों बेहद दयनीय हो गयी है. लाखों रुपये की लागत से बना यह विशाल परिसर अब जर्जर होकर नशेड़ियों व पशुओं का अड्डा बनता जा रहा है. लगभग पांच एकड़ में चहारदीवारी से घिरा यह भवन कभी सुरक्षा बलों के उपयोग में लाया जाता था, लेकिन वर्तमान में यह पूरी तरह उपेक्षित पड़ा है. जानकारी के अनुसार, अधौरा थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर पहले रेफरल अस्पताल स्थापित किया गया था, जिसे बाद में सीआरपीएफ कैंप में तब्दील कर दिया गया. इस निर्णय के विरोध में कैमूर मुक्ति मोर्चा के संस्थापक डॉ बिनायन से लेकर अन्य स्थानीय नेताओं द्वारा आंदोलन भी किया गया, किंतु भवन को खाली नहीं कराया जा सका. सरकार ने बाद में नये भवन का निर्माण भी कराया, जहां एक समय सीआरपीएफ व बाद में बीएमपी की बटालियन तैनात रहती थी. वर्तमान में स्थिति यह है कि पूरा कैंप परिसर वीरान पड़ा हुआ है. भवन जर्जर होने लगे हैं, गेट खुले रहते हैं व अंदर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. साथ ही, परिसर पशुओं के चरने का स्थान बन चुका है. हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी संपत्ति की देखरेख के लिए न तो कोई चौकीदार नियुक्त है व न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस कैंप के ठीक बगल में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय व एक हाइ स्कूल स्थित है, जहां छात्राएं निवास करती हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, छात्राएं अक्सर इस परिसर के आसपास बिना किसी निगरानी के घूमती नजर आती हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. आरोप है कि विद्यालय प्रशासन भी इस मामले में उदासीन बना हुआ है. ग्रामीणों व अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस कैंप की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये, परिसर की देखरेख के लिए तत्काल कर्मियों की नियुक्ति हो तथा छात्राओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाये जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




