कुदरा व पुसौली में खुलेआम हो रहा घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल

Updated at : 05 Apr 2026 3:42 PM (IST)
विज्ञापन
कुदरा व पुसौली में खुलेआम हो रहा घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल

सड़क किनारे चाय-नाश्ता व दुकानों पर धड़ल्ले से जल रहे घरेलू सिलिंडर

विज्ञापन

सड़क किनारे चाय-नाश्ता व दुकानों पर धड़ल्ले से जल रहे घरेलू सिलिंडर प्रशासनिक आदेशों व नियमों की खुलेआम अनदेखी, विभागीय जांच पर उठ रहे सवाल मोहनिया शहर. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, अमेरिका व इजरायल के बीच जारी तनाव के कारण संभावित गैस संकट को लेकर जहां सरकार व प्रशासन सतर्कता बरतने के निर्देश दे रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर इन निर्देशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है. मोहनिया, पुसौली बाजार और कुदरा क्षेत्र में चाय, नाश्ता, ठेला दुकानों व अन्य छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल धड़ल्ले से किया जा रहा है, जो प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रही है. नियमानुसार घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए निर्धारित है, जबकि व्यावसायिक उपयोग के लिए अलग से काॅमर्शियल सिलिंडर लेना अनिवार्य है. इसके बावजूद बाजार में सड़क किनारे ही कई दुकानदार घरेलू गैस का प्रयोग कर रहे हैं, जबकि वरीय अधिकारियों द्वारा गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिये गये हैं. लेकिन, जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का असर न के बराबर दिख रहा है. खुलेआम सड़क किनारे ही कई ठेला दुकानों पर घरेलू सिलिंडर से खाना बनाते देखा जा सकता है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्ती नहीं की गयी, तो गैस संकट की स्थिति और गंभीर हो सकती है. जबकि, अब कुछ ही दिन में शादी विवाह का भी सीजऩ आने वाला है, अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और नियमों के उल्लंघन पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है. # क्या है नियम घरेलू गैस के उपयोग को लेकर सरकार ने साफ नियम बनाये हैं, जिसमें मुख्य रूप से घरेलू एलपीजी सिलिंडर का उपयोग सिर्फ घर में खाना बनाने के लिए किया जा सकता है. इसे दुकान, होटल, ढाबा, ठेला या किसी भी तरह के व्यावसायिक कार्य में इस्तेमाल करना नियम के खिलाफ है, यदि कोई व्यक्ति घरेलू एलपीजी सिलिंडर का उपयोग करते हुए चाय, नाश्ता ठेला दुकान, होटल आदि चलाता है, तो उसे कॉमर्शियल एलपीजी सिलिंडर का उपयोग करना जरूरी है. घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग अवैध माना जाता है, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है. गैस कनेक्शन रद्द किया जा सकता है, साथ ही कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है. # क्या कहते हैं पदाधिकारी इस संबंध में पूछे जाने पर अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने बताया लगातार अभियान चला कर सभी जगह जांच की गयी है. यदि चोरी चुपके घरेलू गैस का कहीं भी व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है, तो छापेमारी कर कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन