नमाज अदा कर देश में अमन-चैन की मांगी दुआ
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 20 Mar 2026 4:09 PM
दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में रमजान के महीने के अंतिम जुमे को शुक्रवार को अलविदा की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गयी
कर्मनाशा. दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में रमजान के महीने के अंतिम जुमे को शुक्रवार को अलविदा की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गयी. क्षेत्र की अलग-अलग मस्जिदों में पेश इमामों ने नमाज संपन्न करायी. इस अवसर पर मुस्लिम भाइयों ने निर्धारित समय पर एकत्रित होकर देश में अमन, शांति व खुशहाली की दुआ मांगी. सरैया गांव स्थित जामा मस्जिद में हाफिज रियाज अहमद ने जुमा अलविदा की नमाज अदा कराने के बाद मुल्क की तरक्की के लिए हाथ उठाये. पवित्र माह रमजान में रोजे रखने के साथ-साथ लोग विशेष इबादत करते हैं. रमजान के आखिरी जुमे को रमजान की रुखसती व विदाई के दिन के रूप में ”अलविदा” कहा जाता है. इस दिन विशेष नमाज के बाद रोजेदारों द्वारा अल्लाह का शुक्र अदा किया गया कि उन्हें नेक राह पर चलने व दूसरों की मदद करने की सीख मिली. इस दौरान सरैया, खजुरा, कर्मनाशा, महमुदगंज, चेहरियां, दुर्गावती बाजार, छाता, करारी, डुमरी व नुआंव आदि जगहों पर मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ रही. रमजान महीने के 30 रोजे शुक्रवार को पूरे हो गये. आज शनिवार को पूरे क्षेत्र में ईद मनायी जायेगी. विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जायेगी, जिसके बाद लोग एक-दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद देंगे. मुस्लिम समुदाय के लिए ईद-उल-फितर का पर्व हर किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला माना जाता है. एक महीने तक कठिन रोजे रखकर अल्लाह की इबादत करने के बाद आज का दिन खुशियों के पैगाम के रूप में मनाया जायेगा. इसके लिए प्रशासन व स्थानीय कमेटियों द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










