RJD के मुस्लिम MLC ने गाय को लेकर पीएम मोदी से कर दी बड़ी मांग, कहा- उम्मीद है आप सकारात्मक फैसला लेंगे

Updated:
विज्ञापन
Qari-Sohaib

कारी मोहम्मद सोहैब

RJD: राजद के विधान पार्षद मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है.

विज्ञापन

RJD: राष्ट्रीय जनता दल के विधान पार्षद मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि गाय सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और गांव की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा रही है.

कारी मोहम्मद सोहैब ने पत्र में क्या लिखा

मोहम्मद सोहैब ने अपने पत्र में लिखा है कि भारत में सदियों से गाय को सम्मान की नजर से देखा जाता रहा है. भारतीय समाज में गाय सेवा, करुणा और धार्मिक विश्वास का प्रतीक मानी जाती है. उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं गाय से जुड़ी हुई हैं, इसलिए इसे राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिलनी चाहिए.

पत्र की कॉपी

मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. अगर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाता है तो इससे देशभर में गौ-संरक्षण को और मजबूती मिलेगी. साथ ही लोगों के बीच जागरूकता भी बढ़ेगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

गाय की भूमिका बताई

सोहैब ने यह भी कहा कि गाय का महत्व केवल धार्मिक नजरिए से नहीं है. ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था में भी इसकी बड़ी भूमिका है. खेती-किसानी, दुग्ध उत्पादन और गांवों के रोजमर्रा के जीवन में गाय आज भी अहम आधार बनी हुई है. उन्होंने कहा कि गांवों में लाखों परिवारों की आय और रोजगार किसी न किसी रूप में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जुड़ा है.

उन्होंने अपने पत्र में यह भी कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई मजबूती मिलेगी. आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और भारतीय मूल्यों के बारे में बेहतर जानकारी मिल सकेगी.

मोहम्मद सोहैब ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक फैसला लेंगे. उन्होंने कहा कि यह फैसला देश की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने वाला कदम साबित हो सकता है.

इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस के 6 IPS अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी, आईजी रैंक के लिए चुने गए

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन