भभुआ रोड स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 28 Mar 2026 5:31 PM
रहस्यमयी हादसा : शरीर पर चोट के निशान नहीं, केवल सिर और धड़ हुए अलग-अलग.
रहस्यमयी हादसा : शरीर पर चोट के निशान नहीं, केवल सिर प धड़ अलग-अलग पहचान के बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा मोहनिया शहर. गया-डीडीयू मंडल के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार की रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के अकरी गांव निवासी ददन प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र दिवाकर कुमार के रूप में की गयी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, भभुआ रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से पूरब डाउन मेन लाइन के किनारे पोल संख्या 619/28 के पास एक युवक का शव पड़ा था. इसकी सूचना स्टेशन मास्टर द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गयी. सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची व इसकी जानकारी जीआरपी थाना को दी गयी. इसके बाद जीआरपी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया. मृतक के पास से मिले मोबाइल व कागजात से पहचान कर परिजनों को सूचित किया गया. दो हिस्सों में बंटा मिला युवक का शव इस हादसे में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक का शव दो हिस्सों में बंटा था, यानी सिर और धड़ अलग-अलग थे. जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में कहीं भी चोट के निशान नहीं थे. ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर युवक भभुआ से रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा. यदि वह ट्रेन की चपेट में आता तो शव के कई टुकड़े हो जाते, लेकिन शव केवल दो हिस्सों में बंटा मिला. जीआरपी इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. क्या कहते हैं जीआरपी अधिकारी इस संबंध में जीआरपी के पुलिस अवर निरीक्षक श्याम जी रजक ने बताया कि आरपीएफ से सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की गयी. शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की गयी व मृतक के परिजनों को जानकारी दी गयी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










