दुकान से लेकर घर तक दुकानदार को पीटा, पैक्स अध्यक्ष पर दागी गोली

Updated:
विज्ञापन

भभुआ सदर : भभुआ थाना क्षेत्र के बेतरी गांव में उधारी सामान नहीं देने पर बाइक से आये तीन बदमाश युवकों ने दुकानदार की जबर्दस्त पिटाई कर दी. दुकानदार को पीटते देख जब उसकी मां और बेतरी के पैक्स अध्यक्ष चाचा बीच बचाव करने उतरे, तो उनके साथ भी मारपीट करते हुए बदमाशों ने साथ […]

विज्ञापन
भभुआ सदर : भभुआ थाना क्षेत्र के बेतरी गांव में उधारी सामान नहीं देने पर बाइक से आये तीन बदमाश युवकों ने दुकानदार की जबर्दस्त पिटाई कर दी. दुकानदार को पीटते देख जब उसकी मां और बेतरी के पैक्स अध्यक्ष चाचा बीच बचाव करने उतरे, तो उनके साथ भी मारपीट करते हुए बदमाशों ने साथ लिये अवैध हथियार से उन पर गोली चला दी.
लेकिन, दीवार की ओट होने की वजह से सभी बाल-बाल बच गये. घटना शनिवार सुबह लगभग नौ बजे की बतायी जाती है. मारपीट व गोली चलाने की सूचना पर भभुआ थानाध्यक्ष सत्येंद्र राम ने थाने के सहायक अवर निरीक्षक भगवान सिंह को तत्काल दल बल के साथ मौके पर भेजा. लेकिन, तब तक सभी बदमाश वहां से भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने घायल दुकानदार भतीजे और पैक्स अध्यक्ष चाचा को इलाज के लिए थाने ले आये. घायलों में बेतरी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष व स्वर्गीय स्वर्गीय शंकर शाह के बेटे महेंद्र साह और उनके भाई सुरेंद्र साह के बेटे नंदलाल कुमार गुप्ता बताये जाते हैं. घटना को लेकर घायल दुकानदार ने थाने में गांव के ही राजेंद्र सिंह के बेटे विपिन पटेल, अंकित पटेल और बेतरी गांव के ही नरेंद्र सिंह के बेटे दीपक पटेल के खिलाफ मारपीट व गोली चलाने के मामले में प्राथमिकी का आवेदन दिया है.
थाने को दिये आवेदन में बदमाशों द्वारा मारपीट का शिकार हुए दुकानदार ने बताया है कि वह अपनी दुकान पर शनिवार सुबह नौ बजे बैठा हुआ था, तभी तीनों आरोपित युवक उसके दुकान पर आकर उधार में सामान मांगने लगे. उधारी मांगे जाने पर उसने उन्हें पहले के बकाया को याद दिलाते हुए आगे से उधारी नहीं देने की बात कही. इस बात से उधार मांग रहे तीनों युवक आग बबूला हो गये और तीनों उसकी पिटाई करने लगे. पिटाई से घायल होकर दुकानदार युवक जब दौड़ता-भागता घर आया, तो बदमाश उसके पीछे-पीछे घर तक आ गये और वहां भी उसकी पिटाई करने लगे.
इस दौरान जब घर में रहे उसके चाचा व मां बीच बचाव करने पहुंचे, तो उन्हें भी बदमाश युवक मारने-पीटने लगे और हथियार निकाल उन पर गोली चला दी. पता चला है कि गोली चलायी जाने के बाद बेतरी गांव में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. इधर,गोली चलाने के बाद सभी आरोपित युवक वहां से भाग निकले.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन