वार्ड 11 व 12 से पानी निकालने के लिए होगी पंपिंग सेट की व्यवस्था

Updated:
विज्ञापन

भभुआ सदर : शुक्रवार को नगर पर्षद की पहली बैठक आयोजित हुई. इस दौरान सिर्फ शहर में जलजमाव की समस्या और उसके त्वरित निराकरण को लेकर पार्षदों व अधिकारियों के बीच मंथन चलता रहा और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए वार्ड पार्षदों से उनकी राय पूछी गयी. खासकर बैठक के दौरान जलजमाव […]

विज्ञापन
भभुआ सदर : शुक्रवार को नगर पर्षद की पहली बैठक आयोजित हुई. इस दौरान सिर्फ शहर में जलजमाव की समस्या और उसके त्वरित निराकरण को लेकर पार्षदों व अधिकारियों के बीच मंथन चलता रहा और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए वार्ड पार्षदों से उनकी राय पूछी गयी.
खासकर बैठक के दौरान जलजमाव की समस्या से त्रस्त वार्ड संख्या 11 और 12 के लिए विशेष योजना बनी, जिसके अंतर्गत फिलहाल बरसात भर उक्त दोनों वार्डों में जमा नाले के पानी को निकालने के लिए नप के कार्यपालक पदाधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव द्वारा नप के जेइ को उक्त दोनों वार्डों से पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाने व सक्शन मशीन से जमा नाले के पानी को मुख्य नाले में गिराने का निर्देश दिया गया. उन्होंने अग्रवाल पेट्रोल पंप की सामनेवाली गली में खोदे गये नाले को फिर से बनवाने का आश्वासन दिया.
बैठक के दौरान बारी-बारी से सभी पार्षदों से उनके वार्ड में आनेवाली समस्याओं की जानकारी ली गयी. वार्ड संख्या 13 के पार्षद उत्तम चौरसिया ने कहा कि अगर एकता चौक पर गांधी प्रतिमा के समीप निकले नाले की अगर विशेष सफाई करायी जाये, तो जलजमाव की समस्या से छुटकारा मिल सकता है.
इसपर नप इओ ने दोनों कनीय अभियंताओं को एकता चौक सहित अन्य जगहों पर जलजमाव की समस्या के निराकरण के लिए हर प्रयास करने का निर्देश दिया. बैठक की अध्यक्षता नगर पर्षद अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार आर्य व इओ अनुभूति श्रीवास्तव ने की. उपस्थित पार्षदों द्वारा नप में नये आये कार्यपालक पदाधिकारी का स्वागत किया गया. इस दौरान मुख्य रूप से नप उपाध्यक्ष नाहिदा परवीन, इसलाम अंसारी, दिनेश गुप्ता, मनोज कुमार सिंह, फरह नाज, कौशर बेगम, उर्मिला देवी, शकुंतला देवी, मेनिका देवी, त्रिभुवन सिंह सहित अन्य पार्षद मौजूद थे.
एक सप्ताह में शुरू होंगे बंद शौचालय
बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में वर्षों से बनकर तैयार और चालू नहीं हो सके देवी मंदिर रोड और पंडाजी पोखरा स्थित सार्वजनिक शौचालय के संबंध में सहमति बनी कि इन दोनों शौचालयों को एक हफ्ते के अंदर शुरू करा दिया जाये. नप अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि एकता चौक सार्वजनिक शौचालय के संवेदक को तलब किया गया है, उसे उन दोनों शौचालयों को चलाने की जिम्मेवारी दी जायेगी.
नये पार्षद 19, पुराने महज छह : शुक्रवार को आयोजित बैठक का नजारा काफी बदला-बदला नजर आया. पुराने पार्षदों में इस बार मात्र छह जीत कर आाये हैं. बाकी 19 पार्षद नये हैं. बैठक के दौरान पुराने पार्षद उत्तम चौरसिया, रमेंद्र आकाश, बदरूद्दीन राइन, संजय माली आदि नये चुनकर आाये पार्षदों को नप की होनेवाली बैठक की जानकारी देते रहे.
दी जायेगी योजनाओं की जानकारी
नप में इस बार अधिकतर नये पार्षद चुनकर आये हैं, जिन्हें केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी नहीं है. ऐसे पार्षदों को नगर पर्षद सारी जानकारी देने जा रहा है. इओ अनुभूति श्रीवास्तव ने बैठक के दौरान कहा कि केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन व पीएम आवास योजना सहित राज्य सरकार की सात निश्चय योजना क्या है और इसके क्रियान्वयन की जानकारी नये पार्षदों को उपलब्ध करायी जायेगी.
जब पूर्व पार्षद भी बैठ गये बैठक में
शुक्रवार को नगर पार्षद कार्यालय सभागार में उस वक्त अचरज की स्थिति बन गयी. जब एक पूर्व पार्षद बैठक के दौरान कुरसी पर जाकर जम गये. वैसे कुरसी पर भूलवश बैठे वार्ड संख्या छह के पार्षद मदन सिंह की भी इसमें कोई गलती नहीं थी. इस बार के चुनाव में उनकी पत्नी उर्मिला देवी वार्ड पार्षद चुनी गयी हैं. लेकिन, पूर्व पार्षद पत्नी के बैठक में मौजूद होने के बावजूद कुरसी पर जम गये. हालांकि, पार्षद को इस गलती का अहसास हुआ और बगल में बैठे एक पार्षद के फुसफुसाने पर तुंरत कुरसी छोड़ कर चले गये.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन