जहानाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट-छिनतई के 14 आरोपी दबोचे गए
लूट-हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
Jehanabad News: जहानाबाद पुलिस ने जिलेभर में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में लूट, हत्या के प्रयास, छिनतई और शराब कारोबार से जुड़े 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने छीने गए मोबाइल, शराब और अन्य सामान भी बरामद किए हैं.
जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jehanabad News: जहानाबाद पुलिस के द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान लूट और हत्या के प्रयास सहित कुल 14 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घोसी थाना क्षेत्र के चुनुकपुर गांव में जाल बिछाकर छापेमारी की गई, जहां से एक बड़े लूट कांड के मुख्य अभियुक्त सिंदूर यादव को दबोचा गया. इसके अलावा, भेलावर थाना क्षेत्र के बढौना गांव से हत्या का प्रयास (मर्डर अटेंप्ट) करने के गंभीर मामले में नामजद आरोपी वीरा कुमार को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा.
छिनतई के तीन आरोपी लूटे गए मोबाइल संग धरे गए
वहीं दूसरी ओर, जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई छिनतई की बड़ी वारदातों पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने तीन शातिर छिनतईबाजों को दबोचने में सफलता पाई है. पुलिस ने इस मामले में तकनीकी इनपुट्स के आधार पर घोसी थाना क्षेत्र के लखवार गांव से विनय कुमार को गिरफ्तार किया. इसकी निशानदेही पर आगे कार्रवाई करते हुए जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के गडेरिया खंड से दिलशाद अंसारी और कुत्तवनचक मोहल्ले से अकबर हुसैन को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से आम नागरिकों से छीने गए मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किए हैं.
शराब धंधेबाजों के खिलाफ भी पुलिस का कड़ा एक्शन
इधर, बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के उद्देश्य से की गई छापेमारी में मखदुमपुर के मकरपुर गांव से मिथुन मांझी तथा ओकरी थाना के पखनपुर गांव से मालो देवी नामक महिला पुलिस के हत्थे चढ़ी है, जो अवैध रूप से शराब बेचने के धंधे में संलिप्त थीं. इसके अलावा जिले की विभिन्न पुलिस टीमों ने अलग-अलग जगहों पर शराब पीने के आरोप में सात पियक्कड़ों को भी गिरफ्तार किया है. इस पूरे मद्यनिषेध अभियान के दौरान पुलिस ने 6 लीटर महुआ देसी शराब, 40 किलोग्राम जावा महुआ और शराब बनाने वाले कई अवैध उपकरणों को नष्ट व बरामद किया है.
वाहन चेकिंग में वसूला 31 हजार का जुर्माना
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जहानाबाद शहर सहित जिले के विभिन्न संवेदनशील चौक-चौराहों और थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, बिना हेलमेट व बिना कागजात के वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 31,000 रुपये का नगद जुर्माना वसूला गया. पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि अपराधियों की धरपकड़ और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Also Read: जहानाबाद में सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, SP ने केंद्रों का किया निरीक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vikash Jha
विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










