दो बार मिली असफलता, तीसरे प्रयास में अमृता बनीं आपूर्ति पदाधिकारी, बधाई देने पहुंचे विधायक राहुल कुमार
हजामपुर की बेटी अमृता को बधाई देने पहुंचे विधायक राहुल कुमार
BPSC 70th Result: जहानाबाद के हजामपुर गांव की अमृता भारती ने BPSC 70वीं परीक्षा में 1910वीं रैंक हासिल कर आपूर्ति पदाधिकारी का पद प्राप्त किया है. तीसरे प्रयास में मिली सफलता पर विधायक राहुल कुमार ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी.
जहानाबाद के रतनी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
BPSC 70th Result: जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड क्षेत्र के पंडौल पंचायत अंतर्गत हजामपुर गांव की बेटी अमृता भारती ने बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में 1910 रैंक लाकर आपूर्ति पदाधिकारी के रूप में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. इसकी सूचना जैसे ही स्थानीय विधायक राहुल कुमार को मिली, श्री कुमार मंगलवार को तुरंत उनके जहानाबाद स्थित आवास पर पहुंचे. वहां उन्होंने अमृता भारती को इस गौरवपूर्ण सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी. साथ ही उन्होंने मिठाई खिलाकर और आगे बढ़ने तथा प्रशासनिक सेवा में ऊंचे मुकाम हासिल करने की नसीहत दी.
तीसरे प्रयास में हासिल किया मुकाम
मालूम हो कि अमृता ने अपने कड़े संघर्ष और अटूट इरादों के बदौलत तीसरे प्रयास में इस गौरवपूर्ण मुकाम को हासिल किया है. इसके पहले के दो प्रयासों में उन्हें असफलता हाथ लगी थी, जिससे वे थोड़ी निराश जरूर हुईं, लेकिन माता-पिता के लगातार प्रोत्साहन और खुद के आत्मविश्वास से उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. उनके तीसरे प्रयास की रणनीति रंग लाई और वे परीक्षा में सफल रहीं. अमृता की इस कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि अगर दृढ़ संकल्प हो, तो बार-बार मिलने वाली असफलता भी अंततः सफलता की राह नहीं रोक सकती.

71वीं बीपीएससी में और बेहतर करने का इरादा
मुलाकात के दौरान अमृता ने विधायक श्री कुमार को बताया कि उन्होंने 71वीं बीपीएससी की मुख्य (मेन्स) परीक्षा भी दे रखी है और उनका इरादा भविष्य में और भी बेहतर रैंक लाकर बड़े पद पर जाने का है. विधायक ने छात्रा की इस प्रगतिशील सोच की जमकर हौसला अफजाई करते हुए कहा कि जब सोच बड़ी होती है तो सफलता भी निश्चित रूप से बड़ी मिलती है. इसके लिए निरंतर मेहनत करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि आपने जिस तरह से अब तक विपरीत परिस्थितियों में मेहनत की है, मुझे पूरा भरोसा है कि आप अपने अगले मिशन में भी जरूर कामयाब होंगी.
परिवार में जश्न और गर्व का माहौल
इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अमृता के पिता विनोद कुमार के साथ-साथ पूरे घर-परिवार के लोग अपनी बेटी की इस अद्भुत उपलब्धि से काफी गदगद हैं. परिजनों का कहना है कि अमृता ने दिन-रात कड़ी मेहनत कर यह मुकाम खुद के दम पर हासिल किया है. वहीं अमृता के बाबा परशुराम शर्मा की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है और वे अपनी पोती की इस बड़ी कामयाबी पर फूले नहीं समा रहे हैं. गांव के लोगों का भी मानना है कि अमृता की इस सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी उच्च शिक्षा और सिविल सर्विसेज में जाने की एक नई प्रेरणा मिलेगी.
Also Read: अचानक निरीक्षण में पहुंची डीएम, जहानाबाद सदर अस्पताल में इमरजेंसी से गायब मिला डॉक्टर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vikash Jha
विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










