बिजली के लिए गुस्सा, एनएच जाम

Updated:
विज्ञापन

रतनी/जहानाबाद : कुछ दिनों से जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली की समस्या गंभीर बनी हुई है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में संकट काफी बढ़ जाने से लोगों में व्यवस्था के प्रति रोष व्याप्त हो गया है. शहरी क्षेत्र में पूर्व की अपेक्षा इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों के तेवर तल्ख […]

विज्ञापन
रतनी/जहानाबाद : कुछ दिनों से जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली की समस्या गंभीर बनी हुई है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में संकट काफी बढ़ जाने से लोगों में व्यवस्था के प्रति रोष व्याप्त हो गया है.
शहरी क्षेत्र में पूर्व की अपेक्षा इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों के तेवर तल्ख होने लगे हैं. बिजली संकट के कारण ऊमस भरी गरमी से लोग बेचैन हैं. ग्रामीण इलाकों में तो लोगों ने आंदोलन की शुरुआत कर दी है. सोमवार को बिजली संकट के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतर कर नेहालपुर के समीप एनएच 110 को जाम कर दिया व विरोध-प्रदर्शन किया. लोगों का कहना था कि 10 दिनों से नोआवां ग्रिड से बिजली की सप्लाइ ढंग से नहीं हो रही है. उनका यह भी कहना है कि जब ग्रामीण नोआवां ग्रिड के ऑपरेटर के पास फोन करते हैं, तो वहां पदस्थापित कर्मी द्वारा जवाब दिया जाता है कि ग्रिड में बिजली की आपूर्ति ऊपर से ही नहीं हो रही है.
ऐसी हालत में लोगों ने सोमवार को नेहालपुर के समीप घंटों सड़क जाम कर बिजली विभाग के विरोध में नारे लगाये. लोग 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे. ग्रामीण यह भी आरोप लगा रहे थे कि बिजली विभाग द्वारा विपत्र भी गलत ढंग से भेजा जाता है. इस कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
सड़क जाम के दौरान कई वाहन शकूराबाद से कुर्था किंजर होते अपने गंतव्य स्थान पर गये. जाम स्थल पर वाहनों में सवार यात्री गरमी से परेशान थे. ऐसी हालत में यात्रियों की प्रदर्शनकारियों से बकझक भी हुई. करीब एक किलोमीटर की दूरी तक एनएच पर जाम लगे रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
सूचना पाकर जाम स्थल पर पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ और अन्य कर्मियों को प्रदर्शनकारियों की खरी-खोटी सुननी पड़ी. कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया. ग्रामीण के गुस्से को भांप विभागीय एसडीओ और कर्मचारी वहां से खिसक जाना ही मुनासिब समझे और वे भाग निकले.
सड़क जाम की सूचना पाकर बीडीओ मुकेश कुमार एवं परसबिगहा थानाध्यक्ष ऋतुराज मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा-बुझा कर जाम हटवाया. ग्रामीणों का आरोप है कि तीन माह पहले तक शकूराबाद के इलाके में 15 से 18 घंटे तक बिजली मिलती थी, लेकिन जब से गरमी का मौसम शुरू हुआ है, तो रोटेशन से बिजली की आपूर्ति हो रही है. इधर, 10 दिनों से बिजली संकट चरम पर पहुंच गया है.
बिजली कब आती है और कब चली जाती है, लोगों को पता तक नहीं चलता. नोआवां, शकूराबाद सब स्टेशन से बिजली की ट्रिपिंग से आम उपभोक्ता त्रस्त हैं. गरमी से लोग परेशानी तो हैं ही, रोपनी कार्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. व्यवसायियों के रोजगार कुप्रभावित हो रहा है. खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स के दुकानदारों का व्यवसाय बाधित हो रहा है
.
शाम छह बजे से रात 11 बजे तक बिजली की ट्रिपिंग अधिक होती है. इस बाबत एसडीओ नीरज कुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार के लिए वरीय पदाधिकारियों से बात हुई है. शीघ्र ही समस्या का निराकरण हो जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन