धर्म ध्वज हाथ में लिये भारतीय नववर्ष संवत् 2083 का किया स्वागत
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 19 Mar 2026 9:46 PM
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि को भगवा ध्वज हाथ में लिये लोगों ने गुरुवार को शोभायात्रा निकालकर वासंतिक नवरात्र व भारतीय नववर्ष विक्रम संवत् 2083 का स्वागत किया.
चकाई. चेत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि को भगवा ध्वज हाथ में लिये लोगों ने गुरुवार को शोभायात्रा निकालकर वासंतिक नवरात्र व भारतीय नववर्ष विक्रम संवत् 2083 का स्वागत किया. हिंदू नव वर्ष युवा समिति एवं व्यवसायिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गयी इस शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. स्थानीय सरकारी बस पड़ाव स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से शोभायात्रा की शुरुआत हुई. ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु ‘जय श्री राम’, ‘हर-हर महादेव’, ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो’ जैसे जयकारों के साथ पूरे नगर में भ्रमण करते रहे. श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वज लिए पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल का निर्माण कर रहे थे. शोभायात्रा हनुमान मंदिर से निकलकर नीचे बाजार, थाना मोड़, सब्जी मार्केट, जयप्रकाश चौक, मुख्य चौक, प्रखंड कार्यालय, पंचमुखी मोड़ तथा सहाना कॉलोनी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया. इसके उपरांत मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, अमित दुबे, विश्वेश्वर पांडेय, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अनिल गुप्ता, पवन केशरी, राजेश बरनवाल, पवन बरनवाल, ओंकार केशरी, अवध केशरी, सरपंच प्रतिनिधि संजय गुप्ता, आशीष केशरी, सोनू केशरी, विजय बरनवाल, प्रमोद बरनवाल, रितेश केशरी, राहुल केशरी सहित दर्जनों लोग शोभायात्रा में शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










