गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव में दिखेगी सुर ताल का संगम

दशहरा मेला की ऐतिहासिकता एवं सांस्कृतिक परंपरा को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से शारदीय नवरात्र पर इस वर्ष भी गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है.
गिद्धौर . दशहरा मेला की ऐतिहासिकता एवं सांस्कृतिक परंपरा को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से शारदीय नवरात्र पर इस वर्ष भी गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष यह महोत्सव 27 से 28 सितंबर को संध्या 06:30 से आरंभ होगा और निर्धारित समय तक जारी रहेगा. इस सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर जिलाधिकारी श्री नवीन के दिशा निर्देश पर कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा शारदीय नवरात्र के अवसर जिला प्रशासन के देखरेख में गिद्धौर के कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम में सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाना है. समारोह को उल्लास और उमंग के वातावरण में संपन्न कराने के सारी तैयारियां की जा रही है. कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम में 27 सितंबर की संध्या को इस समारोह का उदघाटन जिला प्रशासन द्वारा कई गणमान्य की मौजूदगी में किया जाएगा. वहीं कार्यक्रम में चार चांद लगाने 27 सितंबर को नामचीन बालीवुड गायिका श्रद्धा पंडित अपने सहयोगियों के साथ महोत्सव में सुरों का समा बांधेगी. वहीं 28 सितंबर को इंडियन आइडल गायिका ऋतिका राज महोत्सव में सुरों का जादू बिखरेंगी. गिद्धौर के दशहरा मेला को लेकर पर्व को यादगार बनाने के लिए जिलाधिकारी श्री नवीन ने जिले वासियों से इस महोत्सव में शिरकत कर आनंद उठाने की अपील की है. बताते चलें कि गिद्धौर निवासी एवं भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजय सिंह ने भारतीय सांस्कृतिक संबद्ध परिषद के सहयोग से वर्ष 2003 में गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव की शुरुआत की थी, उनके असामयिक निधन के बाद यह महोत्सव कुछ सालों के लिए थम गया था, पुनः गिद्धौर निवासी पूर्व मंत्री सह वर्तमान झाझा विधायक दामोदर रावत के प्रयास से बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं युवा विभाग ने साल 2018 में पुनः इसके आयोजन की स्वीकृति प्रदान की, तभी से यह महोत्सव प्रति वर्ष शारदीय नवरात्र के मौके पर यहां निरंतर आयोजित किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




