जहां आधारभूत संरचना तैयार, वहां शीघ्र कराएं पीएनजी का कनेक्शन : आयुक्त
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 01 Apr 2026 9:32 PM
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से वैश्विक प्रभावों को देखते हुए जिले में आवश्यक वस्तुओं की सुचारु आपूर्ति और आमजन के हितों की सुरक्षा को लेकर बुधवार को समाहरणालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई.
जमुई. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से वैश्विक प्रभावों को देखते हुए जिले में आवश्यक वस्तुओं की सुचारु आपूर्ति और आमजन के हितों की सुरक्षा को लेकर बुधवार को समाहरणालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई. बैठक की अध्यक्षता मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने की. बैठक में आयुक्त ने खाद्यान्न, पेट्रोलियम उत्पाद और रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में आपूर्ति बाधित करने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाये. रसोई गैस की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए आइओसीएल और बीपीसीएल के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिये. कंपनियों को बुकिंग के बैकलॉग को खत्म करने, अतिरिक्त मैनपावर लगाने और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया. इस दौरान जानकारी दी गयी कि उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के आधार पर झाझा स्थित एक गैस एजेंसी पर छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. पीएनजी पाइपलाइन विस्तार की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि जहां-जहां आधारभूत संरचना तैयार है, वहां शीघ्र कनेक्शन सक्रिय किया जाये. साथ ही, जानबूझकर कनेक्शन नहीं लेने वालों को चिह्नित कर नोटिस देने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सभी प्रखंडों में गठित धावा दल लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. कालाबाजारी के खिलाफ अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और एक गिरफ्तारी भी हो चुकी है. आयुक्त ने श्रम अधीक्षक को निर्देश दिया कि प्रवासी श्रमिकों के आगमन पर सतत नजर रखी जाये और इसके लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाये. साथ ही पंचायत स्तर तक सूचना तंत्र को मजबूत करने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया. बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने आयुक्त के निर्देशों को जल्द लागू करने का भरोसा दिलाया और जिलेवासियों को आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. उन्होंने लोगों से अपील की कि भ्रामक खबरों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










