दिनदहाड़े पवना एसबीआई सीएसपी में लूट, हथियार के बल पर 1.75 लाख रुपये ले भागे बदमाश
Published by :PANKAJ KUMAR SINGH
Published at :11 May 2026 10:36 PM (IST)
विज्ञापन

क्षेत्र अंतर्गत खिलार पंचायत के पवना गांव स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया
विज्ञापन
तीन नकाबपोश अपराधी बाइक से पहुंचे, संचालक से मारपीट कर वारदात को दिया अंजाम
चार साल पहले भी इसी संचालक से छह लाख की हुई थी लूट, पुलिस ने शुरू की जांच
लक्ष्मीपुर.
क्षेत्र अंतर्गत खिलार पंचायत के पवना गांव स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. तीन की संख्या में एक ही बाइक पर सवार होकर आये नकाबपोश लुटेरों ने सीएसपी संचालक के साथ मारपीट करते हुए हथियार सटा दिया और करीब एक लाख 75 हजार रुपये लूटकर फरार हो गये. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार पवना गांव निवासी व सीएसपी संचालक श्यामसुंदर गुप्ता सोमवार को करीब 12 बजे एसबीआई शाखा लक्ष्मीपुर से करीब 3 लाख 25 हजार रुपये की निकासी कर अपने घर पहुंचे थे. बताया जाता है कि उन्होंने निकासी की राशि में से एक लाख 50 हजार रुपये घर में रख दिये, जबकि शेष राशि लेकर अपने सीएसपी केंद्र पहुंचे. इसी दौरान खिलार की ओर से एक ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन नकाबपोश अपराधी अचानक सीएसपी में घुस गये.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने संचालक के साथ मारपीट की और हथियार का भय दिखाते हुए काउंटर में रखे करीब 1.75 लाख रुपये लूट लिये. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दिग्घी की ओर भाग निकले. घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीएसपी संचालक समेत स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकाबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.पहले भी आ चुके हैं लुटेरों के निशाने पर संचालक
गौरतलब है कि इससे पूर्व आठ मार्च 2022 को भी इसी सीएसपी संचालक श्यामसुंदर गुप्ता से करीब छह लाख रुपये की लूट की घटना हुई थी. उस समय वे एसबीआई शाखा से राशि निकालकर लौट रहे थे, तभी सोनदीपी-खिलार मुख्य मार्ग स्थित बमकाली स्थान के समीप अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था. एक बार फिर उसी संचालक के साथ लूट की घटना ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी एवं सीएसपी संचालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










