जमीन विवाद में हिंसक झड़प, 13 लोग घायल
Published by :PANKAJ KUMAR SINGH
Published at :11 May 2026 6:43 PM (IST)
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के सर्किल नंबर एक स्थित कठबजरा गांव में सोमवार को मकान बनाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई
विज्ञापन
झाझा.
थाना क्षेत्र के सर्किल नंबर एक स्थित कठबजरा गांव में सोमवार को मकान बनाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. देखते ही देखते पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. दोनों ओर से लाठी-डंडे, फरसा व पत्थरों का खुलकर प्रयोग किया गया. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 13 लोग घायल हो गये. सभी घायलों को परिजन के सहयोग से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. मारपीट की घटना में घायल पहले पक्ष के लोगों की पहचान कौशल यादव, मिंटू कुमार यादव, सुनील यादव, रमन यादव, अजोधी यादव और चिनमा देवी के रूप में हुई है. वहीं दूसरे पक्ष से घायल की पहचान श्रवण कुमार, लाली देवी, सुखलेश यादव, देवघर यादव, शंभू यादव, सतीश कुमार और बेबी देवी के रूप में हुई है. घायलों में मिंटू और सुनील की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है. घटना को लेकर पहले पक्ष के कौशल यादव ने बताया कि मिंटू की पत्नी के निधन के कारण परिवार शोक में था. इसी बीच देवघर यादव मकान बनाने लगे. जिसका विरोध करते हुए उन्होंने पहले जमीन बंटवारा करने की बात कही. इसी बात पर दूसरे पक्ष ने धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया. दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के सुखलेश यादव का आरोप है कि वे अपनी ही जमीन पर मकान बनवा रहे थे. जिस पर पहला पक्ष जबरन कब्जा करना चाहता है. उनके मुताबिक, विरोध करने पर मिंटू और उनके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर घर के सदस्यों को लहुलुहान कर दिया.घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. थानाध्यक्ष एलबी सिंह ने बताया कि कठबजरा गांव में मारपीट की सूचना मिली है. हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










