भूमि विवाद मामलों को आपसी समन्वय के साथ निबटाएं : डीएम
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 20 Mar 2026 9:26 PM
जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया.
जमुई . राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ”सात निश्चय-3” के मूल मंत्र “सबका सम्मान, जीवन आसान ” को चरितार्थ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया. इस आयोजन का स्वरूप केवल शिकायतों के संकलन तक सीमित न रहकर आम नागरिक के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही का जीवंत उदाहरण बना. जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से अपनी आस लेकर पहुंचे 16 से अधिक फरियादियों के बीच बैठकर जिलाधिकारी ने एक-एक कर सबकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उनके त्वरित निष्पादन के लिए प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय किया. जनता दरबार के दौरान शिकायतों का दायरा विस्तृत रहा, जिसमें भूमि विवादों के पेचीदा मामलों से लेकर नये प्रखंड बनाने की जन-आकांक्षाएं शामिल थीं. इसके अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति में अनियमितता, कृषि कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान, बैंकिंग सेवाओं में आ रही बाधाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी जैसे गंभीर विषय जिलाधिकारी के समक्ष आए. जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले की गहराई को समझते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दूरभाष पर कड़ी हिदायत दी. उन्होंने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि आम जनता को मिलने वाली सरकारी सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या टालमटोल को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. सुनवाई के क्रम में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उत्तरदायित्व आम आदमी के जीवन को सुगम और गरिमामय बनाना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जन-समस्याओं के समाधान की सार्थकता केवल कागजी आंकड़ों और फाइलों के अंबार में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाले ठोस परिणामों में निहित है. विशेष रूप से भूमि विवादों के संदर्भ में उन्होंने राजस्व और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष और न्यायपूर्ण कार्रवाई करने का निर्देश दिया ताकि ग्रामीणों को बेवजह के विवादों से मुक्ति मिल सके. जिला पदाधिकारी ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए एक निश्चित समय-सीमा के भीतर उनके निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है. उन्होंने दोहराया कि जब तक लोगों की बुनियादी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित नहीं होता, तब तक ””””जीवन आसान”””” बनाने का लक्ष्य अधूरा है. इस जनता दरबार में जिलाधिकारी के संवेदनशील दृष्टिकोण और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ने न केवल फरियादियों की समस्याओं का मार्ग प्रशस्त किया, बल्कि दूर-दराज से आए ग्रामीणों के मन में न्याय और शासन के प्रति अटूट विश्वास भी पैदा किया. इस दौरान अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा और जन संपर्क पदाधिकारी डॉ मेनका कुमारी मौजूद रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










