सदर अस्पताल में आधुनिक मशीन से होगा मेडिकल कचरे का निस्तारण

सदर अस्पताल में मेडिकल कचरे के निस्तारण को लेकर विभाग द्वारा ऑप्टिमेजर-60 मशीन लगाया गया है.
जमुई. सदर अस्पताल में मेडिकल कचरे के निस्तारण को लेकर विभाग द्वारा ऑप्टिमेजर-60 मशीन लगाया गया है. इस मशीन में एक बार में लगभग तीस किलो मेडिकल कचरे का निस्तारण किया जा सकेगा. जानकारी देते हुए अस्पताल प्रबंधक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर सदर अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक ऑप्टिमेजर- 60 मशीन स्थापित की गई है, जो मेडिकल कचरे के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण करने में सहायक होगी. उन्होंने बताया कि यह हाईटेक मशीन एक बार में लगभग 30 किलोग्राम संक्रमित मेडिकल वेस्ट को पूरी तरह कीटाणु रहित करने में सक्षम है. इसके संचालन से अस्पताल में फैलने वाले संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा. साथ ही अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा. अस्पताल में इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा में भी बड़ा सुधार होगा. स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलने से इलाज की गुणवत्ता पर सकारात्मक असर पड़ेगा. वहीं इंजीनियर युवराज ने बताया कि यह अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित है इसमें एक विशेष चैम्बर होता है, जिसमें मेडिकल कचरा डालकर मशीन को सील कर दिया जाता है. इसके बाद मशीन कचरे को प्रोसेस कर उसे सुरक्षित रूप में बदल देती है, जिससे किसी प्रकार के संक्रमण फैलने की संभावना नहीं रहती. उन्होंने बताया कि मशीन के नियमित संचालन और रखरखाव के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




