चित्रगुप्त मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजा पूरा शहर

Edited by Pintu Pranav
Updated:
विज्ञापन

महिलाओं के सिर पर सजे कलश

Jamui Pran Pratishtha Mahotsav: जमुई शहर के सुरेशपुरम स्थित चित्रगुप्त मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में सैकड़ों सुहागिन महिलाओं, कुंवारी कन्याओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया. कलश यात्रा के साथ ही पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव की विधिवत शुरुआत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया है.

विज्ञापन
जमुई से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट

Jamui Pran Pratishtha Mahotsav: कलश शोभायात्रा चित्रगुप्त मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर महिसौड़ी, महाराजगंज, यूको बैंक, कचहरी चौक सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कल्याणपुर स्थित हनुमान घाट पहुंची. यहां विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र जल का संग्रह कराया. इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः मंदिर परिसर लौटे. पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.

जगह-जगह हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत

शोभायात्रा के दौरान शहर के कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया. लोगों ने पुष्पवर्षा कर और धार्मिक अनुष्ठान की सफलता की कामना करते हुए यात्रा में शामिल भक्तों का उत्साह बढ़ाया. महिलाओं द्वारा गाए जा रहे मंगल गीतों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया.

पांच दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान

आयोजन समिति और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा से जुड़े ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक मनोज सिन्हा ने बताया कि मंदिर में भगवान शिव परिवार, राम दरबार, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की जा रही है. इस अवसर पर पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें वैदिक अनुष्ठान, विशेष पूजन, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.

श्रद्धालुओं में दिख रहा खास उत्साह

महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. काफी संख्या में भक्त प्रतिदिन मंदिर पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं. आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दे रहा है.

क्षेत्र में भक्तिमय का माहौल

कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ यह महोत्सव पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा है. श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में और अधिक संख्या में लोग शामिल होंगे.

ALSO READ: 38 डिग्री तापमान ने बढ़ाई मुसीबत, गिरते जलस्तर से बंद होने लगे मोटर

विज्ञापन
Pintu Pranav

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन