राज्य के हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना प्राथमिकता : सीएम

Updated at : 18 Mar 2026 9:51 PM (IST)
विज्ञापन
राज्य के हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना प्राथमिकता : सीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई में कहा कि उनकी सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

विज्ञापन

अर्जुन अरनव,

जमुई

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जमुई में कहा कि उनकी सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराये गये हैं. साथ ही, आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी व रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना है. वे अपनी समृद्धि यात्रा के चौथे चरण में जमुई जिले के लछुआड़ स्थित कुंडघाट के समीप आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना है. पिछले वर्षों में बिहार ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है. उन्होंने विशेष रूप से जमुई जिले के विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां सड़क संपर्क को बेहतर बनाया गया है. बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है और शिक्षा के क्षेत्र में नये संस्थान खोले गये हैं. साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.

2005 से पहले शाम के बाद लोग घर से निकलने में डरते थे

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में जंगल राज की स्थिति थी. उस समय विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी. उन्होंने कहा कि जब से एनडीए की सरकार बनी तब से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और विकास की गति तेज हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, जबकि आज पूरे राज्य में शांति और कानून व्यवस्था कायम है. पहले बिहार में बिजली की स्थिति में खराब थी. लेकिन आज गांव-गांव तक बिजली पहुंच चुकी है. हमारी सरकार आज घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री दे रही है साथ ही, सरकार की योजना के तहत घरों में सोलर सिस्टम लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जीविका दीदी को स्वरोजगार के लिए दस हजार की सहायता राशि उनके खाते में भेजी गयी है और आगे भी उन्हें आर्थिक सहयोग दिया जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरों और मस्जिदों की घेराबंदी करायी गयी है. उनकी सरकार का लक्ष्य बिहार में शांति विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाना है. केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वर्ष 2030 तक बिहार को एक विकसित राज बनाने की दिशा में काम कर रही है.

जिले में किये गये विकास कार्य को गिनाया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान जिले में हुए विकास कार्य की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जमुई में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करवाया जा रहा है. सभी अनुमंडल में महिला आइटीआइ की स्थापना की गयी है. राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, जीएनएम कॉलेज पारा मेडिकल की स्थापना करवायी गयी है. कर्पूरी छात्रावास एवं तीन आवासीय विद्यालय के साथ जमुई के सिमुलतला में आवासीय विद्यालय की स्थापना की गयी है. लछुआड़ में महावीर जैन मंदिर के समीप पर्यटक की सुविधाओं का विकास कराया गया है. साथ ही, जिले को दस नयी योजनाओं की स्वीकृति दी गयी, जिस पर काम चल रहा है और उसे शीघ्र ही पूरा करवाया जायेगा. उन्होंने बताया कि नयी स्वीकृत योजना के तहत किऊल जलाशय योजना का विस्तार कराया जा रहा है. गरही डैम में इको टूरिज्म विकास किया जा रहा है. किऊल नदी पर पुल निर्माण करवाया जा रहा है. गिद्धौर स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है. पत्नेश्वर धाम का विकास कार्य किया जा रहा है और सिकेहरिया गांव पर सड़क व पुल बन रहे हैं. नकटी नदी पर पुल का निर्माण हो रहा है. बरनार जलाशय का नये सिरे से कार्य करवाया जा रहा है. चकाई में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जा रही है, जिसका भवन निर्माण कराया जा रहा है. साथ ही, सात अंचल कार्यालयों का निर्माण करवाया जा रहा. उन्होंने कहा कि जो भी कमी रह गयी है उसे भी जल्द दूर कर दिया जायेगा.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन