खत्म हुआ सात दशक का इंतजार : सीएम नीतीश कुमार ने किया कुंडघाट डैम का उद्घाटन
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 18 Mar 2026 9:49 PM
सिकंदरा वासियों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा. समृद्धि यात्रा के क्रम में बुधवार को सिकंदरा प्रखंड के कुंडघाट-लछुआड़ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिलापट्ट का अनावरण कर 270.31 करोड़ से निर्मित बहुप्रतीक्षित कुंडघाट डैम परियोजना को जनता को समर्पित किया.
सिकंदरा. सिकंदरा वासियों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा. समृद्धि यात्रा के क्रम में बुधवार को सिकंदरा प्रखंड के कुंडघाट-लछुआड़ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिलापट्ट का अनावरण कर 270.31 करोड़ से निर्मित बहुप्रतीक्षित कुंडघाट डैम परियोजना को जनता को समर्पित किया. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र के लोग उत्साहित थे. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह स्वागत द्वार बनाये गये थे और लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया. कुंडघाट डैम परियोजना की परिकल्पना कई दशक पहले की गयी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसका निर्माण कार्य लंबे समय तक अधूरा रहा. वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद 2008 में जमुई के पहले दौरे पर आये नीतीश कुमार ने इस परियोजना की नींव रखी थी. इस दौरान कई व्यवधानों के बीच समय-समय पर कार्य में तेजी लायी गयी और अंततः आज इसका उद्घाटन संभव हो सका. इस डैम के निर्माण से सिकंदरा प्रखंड सहित आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. पानी की उपलब्धता से फसल उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी इजाफा होने की उम्मीद है. वहीं कुंडघाट डैम के उद्घाटन से क्षेत्र में पर्यटन की भी असीम संभावनाएं दिख रही हैं. तीन दिशा में पहाड़ियों से घिरे कुंडघाट डैम का नयनाभिराम प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. भगवान महावीर स्वामी के पंच कल्याणक में तीन कल्याणक च्यवन कल्याणक, जन्म कल्याणक व दीक्षा कल्याणक के इसी क्षेत्र में अवस्थित होने के कारण यहां सालो भर देश विदेश के श्रद्धालुओं का आगमन होता है. सरकार की योजना है कि इस क्षेत्र को जैन थीम पर आधारित इको टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित किया जाय. इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आने वाले समय में यहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










