समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने प्राचार्य से की मुलाकात

देव सुंदरी मेमोरियल (डीएसएम) महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्र नेताओं ने बुधवार को प्राचार्य प्रो डॉ अजफर शम्शी से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं.
झाझा. देव सुंदरी मेमोरियल (डीएसएम) महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्र नेताओं ने बुधवार को प्राचार्य प्रो डॉ अजफर शम्शी से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं. इस दौरान एनएसएस के समुचित संचालन नहीं होने पर छात्र नेताओं ने गहरा क्षोभ जताया. छात्र नेता हरिनंदन प्रजापति के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य को बताया कि महाविद्यालय में कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं. एनएसएस इकाई रहने के बावजूद उसका संचालन सही ढंग से नहीं हो रहा है, जिससे जुड़े छात्र-छात्राओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है. छात्र नेताओं ने यह भी कहा कि उर्दू विभाग में प्राध्यापक होने के बावजूद उर्दू की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं चल रही हैं, जिससे संबंधित विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है. इस मुद्दे को लेकर कुलपति को पत्र लिखने की बात भी कही गयी. इसके अलावा गोबरोह स्थित महाविद्यालय के नये भवन निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए इसकी जांच कराने की मांग की गई. छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरिनंदन प्रजापति ने कहा कि डीएसएम कॉलेज झाझा नगर क्षेत्र के लगभग 30 किलोमीटर दायरे में विद्यार्थियों के लिए एकमात्र डिग्री कॉलेज है, ऐसे में यहां की समस्याओं का समाधान जरूरी है. छात्र नेताओं ने प्राचार्य के समक्ष कॉलेज परिसर की नियमित साफ-सफाई, सभी विषयों की नियमित कक्षाएं, ड्रेस व आईडी कार्ड की अनिवार्यता, शुद्ध पेयजल के लिए आरओ की व्यवस्था, बीकॉम और कंप्यूटर कोर्स शुरू करने की मांग रखी. मौके पर एबीवीपी के नगर सोशल मीडिया प्रमुख पवन कुमार उर्फ बबुआ, नगर कार्यकारिणी सदस्य अंकित कुमार, आकाश कुमार व भविष्य कुमार समेत अन्य छात्र नेताओं ने एनएसएस इकाई के बैनर तले नियमित खेलकूद कार्यक्रम आयोजित करने की भी मांग की, ताकि छात्र-छात्राएं खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




