आहर में डूबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, नहाने के दौरान गहराई में चला गया
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 28 Mar 2026 7:02 PM
थाना क्षेत्र के सुभाष नगर महादलित टोला में शनिवार दोपहर एक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की आहर में डूबने से मौत हो गयी.
– सुभाष नगर टोला में हादसा, दोस्तों के साथ नहाने गया था बच्चा, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित खैरा. थाना क्षेत्र के सुभाष नगर महादलित टोला में शनिवार दोपहर एक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की आहर में डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान बिंदी रावत के पुत्र बादल कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि बादल कुमार अपने साथियों के साथ घर के पास स्थित पश्चिमी बहरा आहर में नहाने गया था, जहां यह हादसा हुआ. बादल अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था, जिससे उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है. जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बादल कुमार अपने दोस्तों के साथ घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित आहर में नहाने गया था. नहाने के दौरान पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा. उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया. इसी दौरान किसी ने परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को बचाने के लिए आहर में कूद पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










