Bihar News: पति मांग रहा था चार लाख रुपये दहेज, नहीं मिला तो विवाहिता की गला दबाकर हत्या, पति गिरफ्तार

Bihar News: दीघा थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के मूल कारण की जानकारी मिल सकती है.
Bihar News: पटना के दीघा थाने के माइका कॉलोनी में चार लाख रुपये दहेज को लेकर पत्नी की गला दबा कर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है. पत्नी शालू कुमारी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ की पत्नी के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. रवि कुमार मूल रूप से छपरा जिले के मांझी के चटिया गांव का रहने वाला है.
जबकि उसकी पत्नी शालू का मायका मोतिहारी के बड़का बलुआ पताही में है. दोनों की शादी जून, 2019 में हुई थी और दीघा के माइका कॉलोनी में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे. दीघा थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के मूल कारण की जानकारी मिल सकती है.
दुकान में काम करता था रवि
गिरफ्तार रवि कुमार कपड़े की दुकान में काम करता है. उसे अपना कपड़ा का दुकान खोलना था, इसलिए वह शालू के पिता भगेसर प्रसाद से चार लाख की डिमांड कर रहा था. जिसे देने में वे लोग असमर्थ थे. इसी बात को लेकर रवि हमेशा शालू के साथ मारपीट करता था.
दीघा थाने की माइका कॉलोनी की घटना
भगेसर प्रसाद ने बताया कि वे ग्रामीण नंदकिशोर प्रसाद को डॉक्टर से दिखाने के लिए पटना आये थे. शनिवार को 11 बजे उनकी बेटी शालू ने फोन किया और घर पर आने को कहा. इसके बाद वे नंदकिशोर प्रसाद को डॉक्टर से दिखाने में व्यस्त हो गये और फिर जब एक घंटे बाद फोन किया तो उसका मोबाइल ऑफ मिला.
सब काम निबटा जब वे अपनी बेटी के घर पहुंचे तो पता चला कि कमरे में ताला लटका हुआ था और पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि सभी लोग अस्पताल गये हुए हैं. भगेसर प्रसाद ने बताया कि उन्होंने फिर समधी संजय सिंह को फोन किया तो उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अब दुनिया में नहीं रही. उन्होंने बताया कि उनका दामाद चार लाख रुपये मांग रहा था. इसी को लेकर उनकी बेटी की गला दबा कर हत्या कर दी गयी. इसमें उनके दामाद के साथ ही उसकी मां भी शामिल थी.
Posted by: Radheshyam Kushwaha
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




