अक्टूबर-नवंबर में होगा द्वितीय वैशाली साहित्य उत्सव, सात दिनों तक सजेगा साहित्य और संस्कृति का मंच
बैठक में शामिल साहित्यकार-संस्कृतिकर्मी | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में द्वितीय वैशाली साहित्य उत्सव की रूपरेखा तैयार की गई। सात दिवसीय आयोजन में कवि सम्मेलन, नाटक और युवाओं के लिए विशेष टैलेंट हंट मंच शामिल होंगे।
Hajipur News : हाजीपुर शहर के सिनेमा रोड स्थित बाबू शिवजी राय मेमोरियल लाइब्रेरी में साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों की बैठक हुई. इसमें द्वितीय वैशाली साहित्य उत्सव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए सात दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई. बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र मानपुरी ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष घनश्याम कुमार दाहा ने किया.
कवि सम्मेलन से लेकर नाटकों का होगा मंचन
बैठक में बताया गया कि द्वितीय वैशाली साहित्य उत्सव का आयोजन अक्टूबर-नवंबर में आम्रपाली नगर भवन, थाना चौक या अक्षयवट राय स्टेडियम में किया जाएगा. उत्सव में हिंदी, बज्जिका, उर्दू और भोजपुरी सहित विभिन्न भाषाओं के कवि सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे. साथ ही सात नाटकों का मंचन होगा, जिसके लिए बाहर से रंगमंच की टीमें आमंत्रित की जाएंगी.
सात संगीत दल देंगे प्रस्तुतियां
साहित्यिक रचनाओं की संगीतमयी प्रस्तुतियों के लिए सात संगीत दलों को शामिल किया जाएगा. आयोजन के दौरान करीब सौ पृष्ठों की स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा.
युवाओं के लिए होगा टैलेंट हंट मंच
साहित्योत्सव में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए टैलेंट हंट नाम से विशेष मंच तैयार किया जाएगा. इसमें कविता, गीत, नृत्य, भाषण, अभिनय और एंकरिंग सहित विभिन्न विधाओं में प्रस्तुतियां होंगी. बाहर से आने वाली विशिष्ट हस्तियों के साथ लाइव इंटरव्यू भी आयोजित किया जाएगा.
विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं
बैठक में चर्चित साहित्यकार डॉ. अरुण कुमार निराला को साहित्य सचिव, गायिका विवेका चौधरी को संगीत सचिव, रंगकर्मी प्रफुल्ल कुमार पप्पू को रंगमंच सचिव, शिक्षक विमल किशोर राय को लोक संपर्क सचिव, सुधीर कुमार को पाठक मंच सचिव और ज्ञानेश गौतम को प्रबंध निदेशक बनाया गया.
पुस्तक मेला लगाने पर भी चर्चा
बैठक में कहा गया कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार से सहयोग लेकर साहित्य उत्सव के साथ पुस्तक मेला भी लगाया जाना चाहिए. उपाध्यक्ष डॉ. नंदेश्वर प्रसाद सिंह, कवि आशुतोष सिंह, साहित्यकार विजय कुमार विनीत, विजय कुमार गुप्ता, डॉ. महेंद्र प्रियदर्शी, हर्षवर्धन और सत्यप्रकाश सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संयोजक लाइब्रेरी के संस्थापक, रंगकर्मी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रो. कुमार वीरभूषण को बनाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











