जंदाहा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े परिजन | Prabhat Khabar Network
जंदाहा के पिरापुर गांव में विवाहिता का शव पंखे से लटका मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Hajipur News : वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव में सोमवार सुबह पारिवारिक कलह और दहेज की मांग से परेशान 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान पिरापुर गांव निवासी अमरजीत राम की पत्नी मिला देवी के रूप में हुई है. उसका शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मृतका के घर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पंखे से लटका मिला शव
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह काफी देर तक मिला देवी कमरे से बाहर नहीं आई. इसके बाद परिजनों ने कमरे में झांककर देखा तो उसका शव पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था. सूचना मिलने पर जंदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता महुआ थाना क्षेत्र के पहाड़पुर करहरिया गांव निवासी शिवनाथ राम ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2009 में अमरजीत राम के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मिला देवी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे.
पिता का आरोप है कि ससुराल वालों की ओर से दहेज में पलंग की मांग की जा रही थी. इसके अलावा ससुराल पक्ष पर चढ़े कर्ज को चुकाने के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव भी बनाया जाता था. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के कारण महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं और कारणों की गहनता से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










