वैशाली: दो बाइकों की जबरदस्त टक्कर में तीन युवक घायल, गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर

सीएचसी में घायल को ले जाते स्वास्थ्यकर्मी
Hajipur News: बरडीहा बस स्टैंड के पास दो बाइकों की भीषण टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया है. स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
Hajipur News: पातेपुर थाना क्षेत्र के महुआ-ताजपुर मार्ग स्थित बरडीहा बस स्टैंड के पास बुधवार को दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
तीन युवक हुए गंभीर रूप से घायल
घायलों की पहचान मंडई डीह गांव निवासी जिदाब हुसैन के पुत्र मो. इम्तेयाज, मो. वसीम के पुत्र मो. आबिद तथा बरडीहा तुर्की गांव निवासी नाजीर सहनी के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही डायल 112 और पातेपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए पातेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
बस स्टैंड पर खड़ी बस बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार बस स्टैंड पर स्टैंड चार्ज वसूली के लिए बसों को अक्सर सड़क पर ही रोक दिया जाता है. बुधवार सुबह भी एक बस स्टैंड चार्ज देने के लिए सड़क पर खड़ी थी. इसी दौरान साइड लेने के प्रयास में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरडीहा बस स्टैंड के पास पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद स्टैंड संचालक द्वारा यातायात व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










