वैशाली: 23 से 27 जुलाई तक जिले के सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड प्रवेश प्रशिक्षण शिविर

स्काउट गाइड के शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए
हाजीपुर के सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में 23 से 27 जुलाई तक स्काउट एवं गाइड चयन प्रवेश प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम विकसित करना है.
Hajipur News: जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में 23 जुलाई से 27 जुलाई तक स्काउट एवं गाइड चयन प्रवेश प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर के माध्यम से विद्यालयों में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें भारत स्काउट एवं गाइड यूनिट से जोड़ा जाएगा.
विद्यालयों में चलेगा विशेष प्रशिक्षण अभियान
जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में स्काउट-गाइड प्रभारी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के नेतृत्व में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर में चयनित छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कर उन्हें स्काउट-गाइड की गतिविधियों, सेवा कार्यों और विभिन्न सामाजिक अभियानों से जोड़ा जाएगा.
बच्चों के सर्वांगीण विकास पर रहेगा जोर
जिला संगठन आयुक्त ने कहा कि स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है. इस विशेष प्रवेश अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होगी.
सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी
प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्लास्टिक मुक्त विद्यालय, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन, जल संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा.
इससे छात्र-छात्राएं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे.
अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने की अपील
जिला संगठन आयुक्त ने सभी विद्यालय प्रधानों, स्काउट-गाइड प्रभारियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से इस विशेष प्रवेश अभियान को सफल बनाने की अपील की है. उन्होंने बताया कि चयनित स्काउट एवं गाइड प्रतिभागियों का पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










