वैशाली: महनार में सड़क किनारे रखी मिट्टी बनी जाम की वजह, स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

सड़क पर रखी मिट्टी से लगा जाम
महनार-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर अंबेडकर चौक के पास पुलिया निर्माण के बाद सड़क किनारे रखी मिट्टी ने भीषण जाम लगा दिया है. स्कूली बसों के फंसने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही है. स्थानीय लोग मिट्टी हटाने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग कर रहे हैं.
Hajipur News: महनार-हाजीपुर मुख्य मार्ग स्थित थाना मोड़ से अंबेडकर चौक के समीप इन दिनों लगातार जाम की समस्या बनी हुई है. रुक-रुककर लगने वाले जाम के कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार अंबेडकर चौक के समीप पुलिया निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क किनारे मिट्टी रख दी गई है. इससे सड़क संकरी हो गई है और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है.
स्कूली बसें जाम में फंस रहीं
जाम की समस्या का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है. आए दिन स्कूल बसें जाम में फंस जाती हैं, जिससे बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने में परेशानी होती है.
इसके अलावा मुख्य मार्ग पर जाम लगने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. कई बार लंबी कतारें लग जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है.
ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से अंबेडकर चौक पर तत्काल ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने और सड़क किनारे रखी मिट्टी को हटाने की मांग की है.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











