वैशाली: मीनापुर पोखर में आधुनिक हाई पावर पंपिंग सिस्टम का शुभारंभ, जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत

Author Kaif ahmed|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
फोटो -1- मीनापुर में पंपिंग सिस्टम का शुभारंभ करती सभापति व अन्य  | Prabhat Khabar Network

मीनापुर में पंपिंग सिस्टम का शुभारंभ करती सभापति व अन्य

नगर परिषद क्षेत्र के मीनापुर पोखर में मंगलवार को आधुनिक हाई पावर पंपिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया. इस सिस्टम से बारिश के दिनों में होने वाली जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी. यह जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान करेगा.

विज्ञापन

Hajipur News: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-36 स्थित मीनापुर पोखर में मंगलवार को आधुनिक हाई पावर पंपिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया. नगर परिषद सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इसका उद्घाटन किया. इस पंपिंग सिस्टम के शुरू होने से बारिश के दिनों में मीनापुर पोखर के ओवरफ्लो होने से उत्पन्न होने वाली जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

मीनापुर पोखर के ओवरफ्लो होने के कारण आसपास का इलाका लंबे समय तक जलमग्न रहता था. इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद द्वारा यह पहल की गई है. इस योजना के तहत भारी क्षमता वाले पंप के माध्यम से जलनिकासी की जाएगी और पानी को एचडीडी तकनीक से बिछाई जा रही भूमिगत पाइपलाइन के जरिए सीधे सीवरेज आउटफॉल तक पहुंचाया जाएगा.

भविष्य में लगाए जाएंगे अधिक क्षमता वाले पंप

नगर परिषद सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने बताया कि मीनापुर पोखर के आसपास का क्षेत्र हमेशा से निचला इलाका रहा है, जहां मानसून के दौरान जलभराव बड़ी समस्या बन जाती थी. उन्होंने कहा कि पिछले मानसून से ही इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे.

उन्होंने बताया कि अब एचडीडी तकनीक से भूमिगत पाइपलाइन का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे पानी सीधे आउटफॉल तक जाएगा और ऊपर से किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी. भविष्य में यहां 100 से 200 हॉर्स पावर तक के पंप लगाए जाने पर भी उसी स्थान से प्रभावी जलनिकासी संभव हो सकेगी.

क्षेत्र के कई इलाकों का किया निरीक्षण

पंपिंग सिस्टम के शुभारंभ के बाद सभापति ने मधुबन समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से मीनापुर पोखर के ओवरफ्लो होने की स्थिति पर काफी हद तक नियंत्रण होगा और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी.

कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शंभू शाह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजेश रंजन झा उर्फ बबलू बाबा, नगर परिषद के जेई कृष्ण प्रसाद सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Kaif Ahmed

लेखक के बारे में

By Kaif Ahmed

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन