मुखिया को गाली देने का विरोध करने पर युवक को मारी चाकू, हालत गंभीर, PMCH रेफर
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 30 May 2026 1:50 PM
अस्पताल में इलाजरत घायल युवक.
Hajipur News : लोगों ने बताया कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने हमला किया. पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
Hajipur News : (अभिषेक शाश्वत की रिपोर्ट) वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसई गांव में शुक्रवार की देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां रामपुर रत्नाकर पंचायत के मुखिया को दी जा रही गालियों का विरोध करने पर एक 22 वर्षीय युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायल युवक की पहचान सरसई गांव निवासी आमोद पासवान के पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है.
दरवाजे पर गाली-गलौज करने का किया था विरोध
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात कुछ लोग अमरजीत के दरवाजे के पास बैठकर रामपुर रत्नाकर पंचायत के वर्तमान मुखिया गणेश पासवान के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे थे. अमरजीत ने जब बेवजह की दी जा रही इस गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी भड़क गए.
आरोप है कि विरोध जताने पर उनके पाटीदार हरेंद्र पासवान के पुत्र चन्द्रकेत कुमार और चंदन कुमार अमरजीत से उलझ गए. दोनों पक्षों में पहले मारपीट शुरू हुई और इसी बीच एक आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर अमरजीत के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. चाकू लगते ही अमरजीत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया.
नाजुक हालत में पटना रेफर
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में अमरजीत को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे तत्काल पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है.
गांव में तनाव, आरोपियों की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि यह वारदात आपसी विवाद के चलते हुई है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read : पटेढ़ी बेलसर में डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, दशकों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद
चूंकि घायल और आरोपी दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी हैं और उनके घर पास-पास हैं, इसलिए एहतियातन गांव में पुलिस बल की पैनी नजर है। फिलहाल घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










