ePaper

वीडियोग्राफी के बीच दी परीक्षा, दो स्तरों पर हुई जांच

Updated at : 18 Feb 2020 2:18 AM (IST)
विज्ञापन
वीडियोग्राफी के बीच दी परीक्षा, दो स्तरों पर हुई जांच

गोपालगंज : जिले के 28 केंद्रों पर सोमवार से मैट्रिक की परीक्षा सख्ती के बीच शुरू हो गयी. पहले दिन किसी भी सेंटर से नकल करने के आरोप में एक भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया. वीडियोग्राफी के बीच सभी सेंटरों पर निर्धारित समय से परीक्षा शुरू हुई. सेंटर के बाहर और अंदर परीक्षार्थियों […]

विज्ञापन

गोपालगंज : जिले के 28 केंद्रों पर सोमवार से मैट्रिक की परीक्षा सख्ती के बीच शुरू हो गयी. पहले दिन किसी भी सेंटर से नकल करने के आरोप में एक भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया. वीडियोग्राफी के बीच सभी सेंटरों पर निर्धारित समय से परीक्षा शुरू हुई. सेंटर के बाहर और अंदर परीक्षार्थियों की जांच की गयी. छात्राओं की जांच के लिए महिला कर्मियों की भी तैनाती की गयी थी.

सुबह 9.30 बजे परीक्षा प्रारंभ होने के तत्काल बाद अधिकारियों की गाड़ियां परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगीं. परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन दोनों पालियों में विज्ञान की परीक्षा हुई. पहले दिन की परीक्षा में करीब 51.5 हजार हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. इनमें छात्राओं की संख्या छात्रों के मुकाबले अधिक रही. कतार में प्रवेशपत्र लिए परीक्षार्थी खड़े थे.
ड्यूटी में तैनात कर्मी उनकी सघन जांच कर बारी-बारी से अंदर प्रवेश करने दे रहे थे. पहले दिन का जहां परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व किसी के जूते उतरवाये गये, तो किसी की बॉडी जांच की गयी. कदाचार रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह अपनी फॉर्म में रहा. परीक्षा शुरू होने के पूर्व परीक्षा केंद्र पर मंडराने वाले अभिभावकों और नकलचियों को दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने सख्ती दिखााते हुए हटा दिया. परीक्षा को लेकर सोमवार को डीएम अरशद अजीज ओर एसपी मनोज कुमार तिवारी ने शहर के लगभग सभी केंद्रों पर दौरा किया.
साथ ही कड़ा रुख अपनाते हुए परीक्षा केंद्रों के इर्द-गिर्द मंडरानेवाले युवकों और अभिभावकों को जहां डांट लगायी, वहीं केंद्राधीक्षक सहित वीक्षकों को कड़े निर्देश दिये. डीएम और एसपी के काफिले को देखकर अभिभावक भागते रहे. इनके अलावा सभी केंद्रों पर तैनात जोनल और सब जोनल अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ती रही. वहीं उड़नदस्ते ने भी केंद्रों पर सघन जांच की. सड़क से लेकर परीक्षा हॉल तक पहले दिन प्रशासन की नजर रही. परीक्षा के पहले ही दिन प्रशासन अपनी सख्त इरादे को बताने में कामयाब रहा.
परीक्षा के दौरान छात्रा बेहोश, भर्ती
डीएवी हाइस्कूल परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा बेहोश हो गयी. तैनात एंबुलेंस टीम के डॉक्टर उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वह इलाजरत है. छात्रा बैकुंठपुर प्रखंड के दिधवा घाती गांव के छोटेलाल प्रसाद की बेटी रूपा कमारी बतायी गयी है. फिलहाल छात्रा परीक्षा देने से वंचित हो गयी है.
तैनात की गयी है एंबुलेंस टीम
स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा चिकित्सक सहित एंबुलेंस टीम तैनात की गयी है. इसके लिए दो टीमें लगायी गयी हैं. प्रत्येक एंबुलेंस पर दो-दो डॉक्टरों की तैनाती की गयी है. यदि किसी परीक्षार्थी की तबीयत बिगड़ती है, तो तैनात टीम पहले केंद्र पर ही इलाज करेगी. स्थिति में सुधार नहीं होने होने पर एंबुलेंस टीम बीमार परीक्षार्थी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जायेगी.
केंद्रों पर उमड़ी अभिभावकों की भीड़, रहे बैचेन
पहले दिन सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के अलावा अभिभावकों की भीड़ रही. सुबह आठ बजे सभी केंद्रों पर परीक्षार्थी व उनके अभिभावक पहुंच गये थे. परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद तक सभी केंद्रों पर लोगों की भीड़ जमा रही. दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने के पूर्व भी भीड़ का यही आलम बना रहा.
अभिभावक अंदर का हाल जानने के लिए रहे बेचैन
परीक्षा शुरू होने के साथ प्रशासन द्वारा दिखाई गयी सख्ती को देखकर अभिभावक परीक्षा केंद्र के आसपास भी नहीं नजर आये. छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने के बाद अधिकतर अभिभावक प्रशासन की कार्रवाई देखकर केंद्र से दूर चले गये. वहीं परीक्षा केंद्र से दूर रहकर अभिभावक अपने बच्चों का हाल जानने के लिए बेचैन रहे. अभिभावकों के केंद्र से तत्काल हट जाने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली.
विज्ञान के आसान सवालों से परीक्षा का आगाज
परीक्षार्थियों ने विज्ञान की परीक्षा दी. पहले ही दिन परीक्षा होने से परीक्षार्थी घबराये हुए थे. परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि विज्ञान के आसान प्रश्नों को देखाकर डर खत्म हो गया. शिवा, रानी, प्रया, सोहनी, प्रीतम आदि ने कहा कि भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान के सभी खंड के प्रश्न आसान थे. वहीं राजेश ने कहा कि इस बार 20 प्रतिशत अधिक प्रश्नों का आना काफी लाभकारी रहा. अधिकतर परीक्षार्थियों ने कहा विज्ञान के आसान सवालों से परीक्षा का आगाज हुआ है.
कैमरे की भी रही नजर
कैमरे की भी नजर रखी गयी. केंद्र के गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. परीक्षा शुरू होने के समय कुछ केंद्रों पर लगे कैमरों में खराबी आने की चर्चाएं रहीं, लेकिन सभी केंद्रों पर कैमरे काम रहे हैं, इसका दावा प्रशासन ने किया है. इसके अलावा सभी केंद्रों पर प्रत्येक कमरे की गतिविधि वीडियोग्राफी कर कैद की गयी.
मीरगंज शहर के पांच केंद्रों पर शुरू हुई परीक्षा
उचकागांव. मीरगंज शहर के पांच परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से मैट्रिक की परीक्षा शुरू हुई. परीक्षा कदाचार मुक्त माहौल में हुई. परीक्षा के पहले दिन शहर में परीक्षार्थियों व अभिभावकों की भीड़ से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. रेलवे ढाले के पास जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.
शहर के साहू जैन प्लस टू स्कूल व इस्लामिया उर्दू एकेडमी परीक्षा केंद्र के बाहर अभिभावकों की भीड़ से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पहली व दूसरी पाली की परीक्षा में प्रशासन के सख्त रवैये के कारण कदाचार मुक्त परीक्षा हुई. शहर में एसएस पब्लिक स्कूल, सेंट फ्रांसिस हाइस्कूल, इस्लामिया उर्दू एकेडमी, साहू जैन प्लस टू स्कूल व साहू जैन बालिका हाईस्कूल में परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा को लेकर दिन भर अधिकारियों की गाड़ियां केंद्रों पर दौड़ती रहीं.
आज होगी गणित िवषय की परीक्षा
मंगलवार को दोनों ही पालियों में परीक्षार्थी गणित की परीक्षा देंगे. गणित की परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में जहां भय है, वहीं प्रशासन कदाचार मुक्त परीक्षा कराने के लिये संकल्पित है. यह परीक्षा पूरे तीन घंटे की होगी. पहले दिन की परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थी गणित विषय के रिवीजन में लगे रहे. परीक्षार्थियों ने कहा कि गणित की परीक्षा समाप्त होने के साथ ही आधा बोझ हल्का हो जायेगा.
स्वागत है, आपकी परीक्षा मंगलमय हो, आदर्श केंद्रों पर परीक्षार्थियों का सजावट के बीच स्वागत
गोपालगंज : स्वागत है, आपकी परीक्षा मंगलमय हो. यह नजारा था आदर्श परीक्षा केंद्रों का, जहां परीक्षार्थियों के स्वागत के लिए खास इंतजाम किये गये थे. इस बार मैट्रिक की परीक्षा में सदर तथा हथुआ अनुमंडल में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. सदर अनुमंडल में महेंद्र महिला कॉलेज और डीएवी कॉलेज तथा हथुआ अनुमंडल में राजेंद्र हाइस्कूल तथा आदर्श कन्या मध्य विद्यालय को आदर्श केंद्र बनाया गया है. आदर्श केंद्रों को बैलून से जहां सजाया गया है, वहीं फर्श पर मैट बिछाया गया है. इन केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल की भी व्यवस्था की गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन