वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे को लेकर गडकरी से मिले मांझी, गया जी के छकरबन्धा में कट सर्विस रोड निर्माण पर चर्चा
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री से मिलते केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी | Prabhat Khabar Network
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया जी क्षेत्र के लिए स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं पर खुशी जताई है. फल्गु नदी की सफाई और सड़क विस्तार से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
Varanasi Kolkata Expressway Gaya Ji : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया जी को मिली नई सड़क परियोजनाओं पर खुशी जताते हुए क्षेत्र की जनता को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि गया जी के साथ-साथ पूरे बिहार का समग्र विकास किया जाए.
उन्होंने कहा कि गया जी की जनता की मांग और जनादेश का सम्मान करते हुए झारखंड के चतरा से गया जी के बेलागंज तक फल्गु नदी के पश्चिमी तट के किनारे-किनारे पक्की सड़क के निर्माण तथा फल्गु नदी की सफाई का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि फल्गु नदी की सफाई गया जी की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग रही है.
श्री मांझी ने बताया कि गया जी के एनएच-82 बाइपास (घुघरीटांड़) से बोधगया प्रखंड के मोहनपुर, खुटौर एवं कोबरा कैंप (मोहनपुर) होते हुए एनएच-2 (जीटी रोड) तक सड़क को फोरलेन में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से गया जी के विकास को नई गति मिलेगी.
इसके अलावा, गया जिले के बेलागंज से बलुआ खंदा मोड़ होते हुए नालंदा जिले के गिरियक तक सड़क निर्माण को उन्होंने बिहार के दो ऐतिहासिक जिलों के बीच संपर्क का नया आयाम बताया.
Also Read : श्रावणी मेला को लेकर गया स्टेशन पर आरपीएफ अलर्ट, यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के दिए टिप्स
शेरघाटी से पलामू तक सड़क बनी राष्ट्रीय राजमार्ग
केंद्रीय मंत्री ने गया जिले के शेरघाटी (एसएच-69) से झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज प्रखंड स्थित सुल्तानी तक की सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि बांकेबाजार, इमामगंज, मेगरा, डुमरिया और बेलाघाट से होकर गुजरने वाली इस सड़क के राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी.
वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे और नितिन गडकरी से मुलाकात
उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे में गया जी जिले के डुमरिया प्रखंड स्थित छकरबंधा के पास कट सर्विस रोड के निर्माण को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है.
गुरुवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद श्री मांझी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह मुलाकात गया जी और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी.
Also Read : गया जी : कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताया डीएपी का विकल्प, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के फायदे भी समझाए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










