गया जंक्शन पर 15 अगस्त और श्रावणी मेला को लेकर हाई अलर्ट, ट्रेनों में बढ़ेगी निगरानी; दिल्ली के लिए पार्सल बुकिंग 3 दिन बंद

Updated:
विज्ञापन

जवानों को समझाते आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव | Prabhat Khabar Network

आगामी स्वतंत्रता दिवस और श्रावणी मेला को देखते हुए गया जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और दिल्ली के लिए पार्सल बुकिंग तीन दिनों के लिए बंद रहेगी. यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है.

विज्ञापन

Gaya Junction Security : आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और श्रावणी मेला के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) ने गया जंक्शन समेत आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की तैयारी शुरू कर दी है.

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से दोनों सुरक्षा एजेंसियों ने अपने-अपने अधिकारियों व जवानों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी.

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक बनारसी यादव और रेल थाना अध्यक्ष शिवकुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.

गया जंक्शन के अलावा आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष जवानों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ट्रेनों में एस्कॉर्ट, निगरानी और ट्रैक की जांच

सहायक सुरक्षा आयुक्त ने निर्णय लिया है कि महत्वपूर्ण ट्रेनों में आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार एस्कॉर्ट ड्यूटी करेंगे. संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान पर विशेष नजर रखी जाएगी.

Also Read : गया जी के विष्णुपद मंदिर समेत 60 स्थानों का फायर ऑडिट, 40 भवनों में मिली अग्नि सुरक्षा की कमी

प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्र तथा स्टेशन परिसर में लगातार गश्ती बढ़ाई जाएगी. यात्रियों से भी अपील की जाएगी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें. इसके अलावा राजधानी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन से पहले रेलवे ट्रैक की आधुनिक मशीनों के माध्यम से विशेष जांच कराई जाएगी.

ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं कोई छेड़छाड़ या तकनीकी गड़बड़ी तो नहीं है. इससे ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा.

पार्सल बुकिंग पर नियंत्रण और यात्रियों से अपील

सुरक्षा कारणों से गया से दिल्ली जाने वाले पार्सल सामानों की बुकिंग पर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, तीन दिनों तक दिल्ली के लिए पार्सल कार्यालय से सामान की बुकिंग बंद रखने का निर्णय लिया गया है.

इस अवधि में सुरक्षा एजेंसियां पार्सल प्रणाली की निगरानी और आवश्यक जांच-पड़ताल करेंगी, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु के परिवहन की संभावना को पूरी तरह रोका जा सके. वहीं दूसरी तरफ आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से सामान न लें और न ही अपना सामान किसी दूसरे के भरोसे छोड़ें.

किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को दें.

श्रावणी मेला और स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे पूरी तरह सतर्क है और यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.


विज्ञापन
Rohit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Rohit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन