गया जी : वागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, भूमि अधिग्रहण के लिए भवनों की मापी शुरू, जाम से मिलेगी राहत

कामकाज की निगरानी करते अधिकार | Prabhat Khabar Network
गया में वागेश्वरी गुमटी के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है. भवनों की मापी और सर्वेक्षण के साथ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है, जिससे वर्षों से लगे जाम से जल्द ही बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. यह परियोजना गया शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी.
Wageshwari Gumti ROB project Gaya Ji : वागेश्वरी गुमटी के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है. एक ओर जहां निर्माण स्थल पर करीब एक दर्जन पिलरों का फाउंडेशन तैयार किया जा चुका है, वहीं दूसरी ओर परियोजना के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है.
अधिग्रहण की जद में आने वाले भवनों की मापी और सर्वेक्षण
शनिवार को भवन निर्माण विभाग व बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अधिग्रहण की जद में आने वाले भवनों की मापी का कार्य शुरू किया. वागेश्वरी रोड स्थित कई मकानों और बाउंड्री वॉल का विस्तृत सर्वेक्षण कर उनका मूल्यांकन किया गया.
टीम ने सड़क के मध्य बिंदु को आधार मानते हुए पूर्व और पश्चिम दिशा में स्थित सभी निर्माणों को चिन्हित कर सूचीबद्ध किया.
आपत्तियों का निष्पादन और भू-अर्जन प्रक्रिया
इधर, गया जिला भू-अर्जन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, हितबद्ध रैयतों द्वारा दर्ज कराई गई अधिकांश आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया भी लगभग पूरी कर ली गई है. इसके बाद भूमि अधिग्रहण की अगली प्रशासनिक कार्रवाई और तेज होने की संभावना है.
परियोजना का महत्व और जाम से मिलेगी राहत
गौरतलब है कि इस महत्वाकांक्षी आरओबी परियोजना की आधारशिला तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी थी, जबकि भूमि पूजन का शुभारंभ बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया था.
वर्तमान में जिस गति से निर्माण और भूमि अधिग्रहण का कार्य आगे बढ़ रहा है, उससे उम्मीद जताई जा रही है कि परियोजना निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूरी हो जाएगी.
आरओबी के निर्माण के बाद वागेश्वरी गुमटी पर वर्षों से लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही, यह परियोजना गया शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ शहर के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










