भिक्षुओं के वेश में धन उगाही का खेल रुकेगा, महाबोधि मंदिर में इंट्री होगी बैन

विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर परिसर में फर्जी भिक्षुओं के वेश में श्रद्धालुओं और पर्यटकों से धन उगाही (भिक्षावृत्ति) करनेवालों पर अब गाज गिरेगी.
बोधगया. विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर परिसर में फर्जी भिक्षुओं के वेश में श्रद्धालुओं और पर्यटकों से धन उगाही (भिक्षावृत्ति) करनेवालों पर अब गाज गिरेगी. मंदिर की गरिमा और सुरक्षा को खतरे में डालने वाली इन अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन और बौद्ध संगठनों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. फर्जी भिक्षुओं के इस सिंडिकेट को तोड़ने के लिए एक बड़ा फैसला लेते हुए विभिन्न बौद्ध मठों से अपील की गयी है कि वे मंदिर में आयोजित होने वाली विशेष पूजा और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं के बीच नकद राशि बांटने की प्रथा पर तत्काल रोक लगाएं, क्योंकि यही पैसा इन फर्जी तत्वों को आकर्षित करता है.
सुरक्षा और गरिमा पर उठ रहे सवाल
शनिवार को इंटरनेशनल बुद्धिस्ट काउंसिल (आइबीसी), ऑल इंडिया भिक्षु संघ, बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक हुई. बैठक का मुख्य एजेंडा मंदिर परिसर में भिक्षु का वेश धारण कर अवैध तरीके से धन मांगने की बढ़ती घटनाएं थीं. आइबीसी के अध्यक्ष भिक्षु नावांग ज्ञयात्सो और सचिव भिक्षु प्रज्ञादीप ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यह सिर्फ ठगी का मामला नहीं है, बल्कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंदिर की छवि खराब हो रही है और सुरक्षा का भी गंभीर खतरा पैदा हो रहा है. बैठक में यह स्पष्ट निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर को इन असामाजिक तत्वों से मुक्त कराने की जिम्मेदारी सुरक्षा बलों और बीटीएमसी कर्मियों की संयुक्त रूप से होगी. पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने जवानों को अलर्ट करें. ड्यूटी पर तैनात जवान फर्जी भिक्षुओं की पहचान कर उन्हें मंदिर में प्रवेश करने से सख्ती से रोकें. श्रद्धालुओं को भी जागरूक करने के लिए परिसर में जगह-जगह चेतावनी वाले डिस्प्ले बोर्ड लगाये जायेंगे.
बैठक के तुरंत बाद एक्शन, संदिग्धों से पूछताछ
अधिकारियों ने सिर्फ बंद कमरे में रणनीति नहीं बनायी, बल्कि बैठक के तुरंत बाद पूरे मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण भी किया. इस दौरान वहां मौजूद कुछ संदिग्ध और अनधिकृत भिक्षुओं को रोककर उनसे सख्ती से पूछताछ की गयी. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी इस तरह का संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा और पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




