परिवहन निगम की जमीनों पर बनेंगे जी प्लस 5 मॉल, पीपीपी मोड से घाटे से उबरेगा विभाग

Updated at : 28 Mar 2026 10:08 PM (IST)
विज्ञापन
परिवहन निगम की जमीनों पर बनेंगे जी प्लस 5 मॉल, पीपीपी मोड से घाटे से उबरेगा विभाग

लंबे समय से घाटे में चल रहे राज्य परिवहन निगम को मुनाफे में लाने के लिए सरकार ने एक बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है. इसके तहत गया, पटना और नालंदा सहित राज्य के 21 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है.

विज्ञापन

गया जी. लंबे समय से घाटे में चल रहे राज्य परिवहन निगम को मुनाफे में लाने के लिए सरकार ने एक बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है. इसके तहत गया, पटना और नालंदा सहित राज्य के 21 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां परिवहन निगम की काफी खाली जमीनें हैं. इन जमीनों पर पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड के तहत जी 5 फ्लोर की अत्याधुनिक इमारतें यानी कमर्शियल मॉल बनाये जायेंगे. यह बड़ी घोषणा ग्रामीण विकास सह परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने शनिवार शाम सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए की. उन्होंने बताया कि इन बहुमंजिला इमारतों के ग्राउंड फ्लोर पर बसों का ठहराव होगा, जबकि ऊपरी मंजिलों पर मॉल, दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होंगी. इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने वाली है. मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना के धरातल पर उतरते ही परिवहन निगम के घाटे की भरपाई होगी और विभाग मुनाफे में आ जायेगा.

एक महीने में 1.34 लाख निबंधन, खजाने में आया राजस्व

विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए परिवहन मंत्री ने बताया कि पिछले मात्र एक महीने में राज्य भर में एक लाख 34 हजार गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन किया गया है, जिससे सरकार को बड़े पैमाने पर राजस्व प्राप्त हुआ है. इसी अवधि में 85 हजार लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस भी निर्गत किये गये हैं. इसके बावजूद उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से संबंधित जितने भी लंबित मामले हैं, उनका एक सप्ताह के अंदर हर हाल में निबटारा किया जाये.

महिला रोजगार योजना लायेगी क्रांति

मंत्री श्रवण कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर भी विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और इससे राज्य में महिलाओं के रोजगार के प्रति एक नयी क्रांति आयेगी.

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, सुनीं समस्याएं

इससे पूर्व, शनिवार शाम सर्किट हाउस पहुंचने पर जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र देकर मंत्री का भव्य स्वागत किया. मंत्री ने कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्रों की समस्याएं सुनीं और मौके से ही संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निबटारे का निर्देश दिया. इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष ज्योति दांगी, अवध बिहार पटेल, अरुण राव, बबन चंद्रवंशी, सतीश पटेल, धनंजय शर्मा, मोहम्मद मुख्तार, पूर्व जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद, राकेश पांडे, उमेश वर्मा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन