गया जी : नौवीं-10वीं के छात्रों के लिए ओटीआर अनिवार्य, इ-शिक्षाकोष पोर्टल से जोड़ी गई छात्रवृत्ति प्रक्रिया

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति ओटीआर की ट्रेनिंग देते डीपीओ | Prabhat Khabar Network
गया जी जिले में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया शुरू हो गई है. नौवीं और 10वीं के एससी, एसटी, बीसी और ईबीसी वर्ग के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा.
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रों के वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जिले के माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के तकनीकी शिक्षकों का उन्मुखीकरण-सह-क्षमतावर्धन कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हो गया.
इस संबंध में जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी प्रधानाध्यापकों व प्रभारी प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं. प्रशिक्षण राजकीय उच्च विद्यालय हरिदास सेमिनरी में आयोजित किया जा रहा है.
प्रशिक्षण का उद्देश्य प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) एवं दस्तावेज तैयार करने में तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) आनंद कुमार ने खुद शिक्षकों को बारीकी से प्रक्रिया की जानकारी दी और बताया कि योजना के तहत तकनीकी कारणों से किसी छात्र को छात्रवृत्ति में समस्या न हो, इसके लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है.
तीन दिनों तक चलेगा विभिन्न प्रखंडों के शिक्षकों का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का आयोजन 27, 28 व 30 जुलाई को सुबह 11 बजे से किया जा रहा है.
- पहला दिन: बथानी, खिजरसराय, फतेहपुर, मोहनपुर, वजीरगंज, टनकुप्पा, डोभी व शेरघाटी प्रखंडों के तकनीकी शिक्षक शामिल हुए.
- दूसरा दिन (28 जुलाई): आमस, बाराचट्टी, इमामगंज, बांकेबाजार, अतरी, डुमरिया, मोहनपुर एवं गुरुआ प्रखंड के शिक्षकों का प्रशिक्षण होगा.
- तीसरा दिन (30 जुलाई): टिकारी, कोंच, बेलागंज, परैया, गया सदर, नगर प्रखंड, मानपुर, गुरारू व बोधगया प्रखंड के तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे.
जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि निर्धारित तिथि पर संबंधित तकनीकी शिक्षक की उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को प्रभावी व त्रुटिरहित बनाया जा सके.
नौवीं व 10वीं के एससी, एसटी, बीसी और ईबीसी विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत अब कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य कर दिया गया है.
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर ओटीआर की व्यवस्था को इ-शिक्षाकोष पोर्टल से एकीकृत किया गया है.
जारी निर्देश में कहा गया है कि नौवीं व 10वीं के एससी, एसटी, बीसी और ईबीसी कैटेगरी के छात्र-छात्राएं पहले एनएसपी पोर्टल पर ओटीआर कराना सुनिश्चित करेंगे.
इसके बाद विद्यार्थियों से प्राप्त ओटीआर संख्या को इ-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा.
तकनीकी सहायता और समय सीमा का पालन करने के निर्देश
विभाग ने निर्देश दिया है कि ओटीआर प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या संशय की स्थिति में इ-शिक्षाकोष के तकनीकी कर्मियों से समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया को समय पर पूरा कराया जाए.
इससे छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम होगी तथा विद्यार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










