गया जी में पीडीएस दुकान लाइसेंस के लिए मेधा सूची जारी, 64 रिक्तियों पर आए 520 आवेदन, 8 अगस्त तक दर्ज करें आपत्ति

सांकेतिक तस्वीर
गया जी जिला आपूर्ति कार्यालय ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के नए लाइसेंस के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद औपबंधिक मेधा सूची प्रकाशित कर दी है. इस सूची में 64 रिक्तियों के विरुद्ध 520 आवेदकों का विवरण है. यदि किसी को आपत्ति है, तो वे 8 अगस्त 2026 तक लिखित में दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
Gaya PDS Shop Merit List : गया जी जिला आपूर्ति कार्यालय ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के नए लाइसेंस के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद तैयार की गई औपबंधिक मेधा सूची प्रकाशित कर दी है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि शेरघाटी, टिकारी व नीमचक बथानी अनुमंडलों से प्राप्त आवेदनों की जांच के उपरांत मेधा सूची तैयार कर जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई थी.
समिति की स्वीकृति के बाद 25 जुलाई 2026 को औपबंधिक मेधा सूची का प्रकाशन किया गया.
अनुमंडलवार रिक्तियां और प्राप्त आवेदनों का विवरण
प्रकाशित सूची के अनुसार शेरघाटी अनुमंडल में 46 दुकानों के लिए 408 आवेदन, टिकारी अनुमंडल में छह दुकानों के लिए 26 आवेदन तथा नीमचक बथानी अनुमंडल में 12 दुकानों के लिए 86 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इस प्रकार तीनों अनुमंडलों में कुल 64 रिक्तियों के विरुद्ध 520 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.
वेबसाइट और सूचना पट्ट पर सूची का प्रकाशन
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि औपबंधिक मेधा सूची जिला आपूर्ति कार्यालय, संबंधित अनुमंडल कार्यालयों के सूचना पट्ट तथा गया एनआइसी की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है, ताकि अभ्यर्थी अपनी स्थिति का अवलोकन कर सकें.
दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि
उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी अथवा अन्य व्यक्ति को प्रकाशित मेधा सूची पर कोई दावा या आपत्ति हो, तो वह आठ अगस्त 2026 को शाम पांच बजे तक डीएसओ ऑफिस में लिखित रूप से अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है.
निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी दावा या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










