गयाजी में 1 अगस्त से जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन, 4 से 12 साल के बच्चे लेंगे भाग

सांकेतिक तस्वीर ( AI Image)
Gaya Ji News: गया जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा पहली बार 1 से 3 अगस्त 2026 तक गांधी मैदान में जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. “मोबाइल छोड़ो, मैदान से जुड़ो” थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता में 4 से 12 वर्ष के बच्चे भाग ले सकेंगे, जिसके लिए पंजीकरण 15 जून से शुरू होगा.
गयाजी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट:
Gaya Ji News : बच्चों को मोबाइल, टीवी और वीडियो गेम की काल्पनिक दुनिया से निकालकर खेल के मैदान से जोड़ने तथा उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की गई है. गया जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा जिले में पहली बार ‘गया जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026’ का आयोजन किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता 1 से 3 अगस्त 2026 तक गया शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगी. इसमें 4 से 12 वर्ष तक के बालक व बालिका वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे.
मोबाइल छोड़ो, मैदान से जुड़ो
संघ के सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग के कारण खेल गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, जिससे कम उम्र में ही उनमें मोटापा, तनाव और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं. इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि “मोबाइल छोड़ो, मैदान से जुड़ो” अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.
खेल अब बेहतर करियर का भी आधार: संघ पदाधिकारी
संघ के अध्यक्ष मोती करीमी ने कहा कि जिले में पहली बार आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता नई खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. वहीं, कोषाध्यक्ष रवि कुमार रंजन ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह बच्चों के बेहतर करियर का भी एक मजबूत आधार बन चुका है. तकनीकी चेयरमैन अभिषेक कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय किड्स एथलेटिक्स मॉडल के अनुरूप किया जाएगा, जिसमें बच्चों की उम्र और क्षमता के अनुसार सुरक्षित एवं आकर्षक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी.
प्रतियोगिता का पूरा शेड्यूल और नियम:
प्रतियोगिता तिथि: 1 से 3 अगस्त 2026
स्थान: गांधी मैदान, गया
पंजीकरण प्रारंभ: 15 जून 2026
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 25 जुलाई 2026
पंजीकरण एवं जानकारी के लिए संपर्क नंबर: 7870974337
मुख्य आकर्षण: यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय किड्स एथलेटिक्स मॉडल पर आधारित होगा, जिसमें बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीमवर्क विकसित करने पर जोर दिया जाएगा.
आयु वर्ग और प्रमुख प्रतियोगिताएं:
प्रतियोगिता को बच्चों की उम्र के हिसाब से चार अलग-अलग श्रेणियों (बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के लिए) में बांटा गया है:
- अंडर-6 (4 से 6 वर्ष):
30 मीटर दौड़, फ्रॉग जंप, सॉफ्ट बॉल थ्रो और मिनी ऑब्स्टेकल रेस.
- अंडर-8 (7 से 8 वर्ष):
40 मीटर दौड़, स्टैंडिंग लॉग जंप, सॉफ्ट बॉल थ्रो, बाधा दौड़ और 4×40 मीटर रिले रेस.
- अंडर-10 (9 से 10 वर्ष):
50 मीटर दौड़, लंबी कूद, वॉर्टेक्स/बॉल थ्रो, बाधा दौड़ और 4×50 मीटर रिले रेस.
- अंडर-12 (11 से 12 वर्ष):
60 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, वॉर्टेक्स थ्रो, बाधा दौड़ और 4×60 मीटर रिले रेस.
विशेष प्रतियोगिता (सभी वर्गों के लिए):
फॉर्मूला-1 रिले, शटल रिले, मिक्स्ड रिले (बालक/बालिका संयुक्त) और टीम ऑब्स्टेकल चैलेंज.
अभिभावकों से बच्चों को मैदान तक लाने की अपील
संघ के पदाधिकारियों ने गया जिले के सभी अभिभावकों से सामूहिक अपील की है कि वे अपने बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया से बाहर निकालकर खेल के मैदान तक लाएं. अभिभावक अपने बच्चों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित करें, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ जिले में एक सकारात्मक खेल संस्कृति को नई दिशा मिल सके.
Also Read: गया-पटना रेलखंड पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










