गया जी : गुरुआ के बाबा बैजूधाम में 30 जुलाई को श्रावणी मेले का उद्घाटन, सजधज कर तैयार हुआ मंदिर

Updated:
विज्ञापन
बाबा बैजूधाम

बाबा बैजूधाम

Baba Baijudham Shravani Mela : गया जी जिले के बाबा बैजूधाम में श्रावणी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं. 30 जुलाई को डीएम और एसएसपी द्वारा मेले का उद्घाटन किया जाएगा. लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल, ठहरने और पार्किंग की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

विज्ञापन

Baba Baijudham Shravani Mela : बिहार के गया जी जिले में सावन की तैयारियां जोरों पर हैं. गुरुआ प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बैजूधाम में इस वर्ष श्रावणी मेले का भव्य उद्घाटन 30 जुलाई को होने जा रहा है. जिला पदाधिकारी (DM) शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) संयुक्त रूप से इस ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ करेंगे. मेले को लेकर बाबा बैजूधाम सजधज कर पूरी तरह से तैयार है और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं.

30 जुलाई को डीएम और एसएसपी करेंगे उद्घाटन

बाबा बैजूधाम में सावन के पवित्र महीने को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है. बाबा बैजूधाम समिति के संयोजक गिरजा शर्मा ने बताया कि 30 जुलाई को श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा. इस खास मौके पर जिले के डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. उद्घाटन समारोह को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को भव्य तरीके से सजाया गया है.

लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट

बाबा बैजूधाम क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था का केंद्र है. हर साल श्रावणी मेले के दौरान दूर-दराज के इलाकों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. लोग बड़ी श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते हैं. ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से यहां मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है.

सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरे

मेले में सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी प्राथमिकता है. समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कमेंद्र कुमार, सचिव विनय कुमार, उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार और संयोजक गिरजा शर्मा ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं. मंदिर परिसर के साथ-साथ मेले के सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. पुलिस कंट्रोल रूम से इन कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जाएगी.

ठहरने, पेयजल और पार्किंग की विशेष व्यवस्था

कांवरियों और दूर से आने वाले शिवभक्तों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है. समिति के सदस्यों के अनुसार, मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशाला की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा जगह-जगह शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और गाड़ियों के लिए सुरक्षित पार्किंग के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं, ताकि भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

मेले को सफल बनाने में जुटे स्थानीय प्रतिनिधि

श्रावणी मेले की सफल तैयारी में स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाज के लोग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. पूर्व विधायक विनय कुमार यादव, प्रमुख नीलम कुमारी यादवेंदु और अनिल पटेल समेत समिति के सभी सदस्य दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्वेच्छा से मंदिर की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में अपना योगदान दे रहे हैं.

Also Read : तेल बिगहा में 100 लीटर देसी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व मोबाइल जब्त


विज्ञापन
Pramod Kumar Verma Gurua

लेखक के बारे में

By Pramod Kumar Verma Gurua

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन