राष्ट्रीय मैराथन 2026 के लिए चयनित बिहार के छह धावकों में से तीन मगध विश्वविद्यालय के, स्टेट रेडरन में हुआ चयन

सफल प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि.
पटना में आयोजित राज्य स्तरीय 'स्टेट रेडरन' मैराथन प्रतियोगिता में बिहार के 38 जिलों के धावकों ने हिस्सा लिया. इस प्रतियोगिता से 6 धावक राष्ट्रीय मैराथन 2026 के लिए चुने गए हैं, जिनमें मगध विश्वविद्यालय के तीन धावक शामिल हैं.
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग एवं बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी द्वारा संचालित ''रेड रिबन क्लब'' के तत्वावधान में पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राज्य स्तरीय ''स्टेट रेडरन '' मैराथन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ. इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी 38 जिलों के नोडल अधिकारियों और टीमों ने अपनी-अपनी भागीदारी दर्ज करायी . कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव कुमार रवि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में रेड रिबन परियोजना के निदेशक सुमित कुमार उपस्थित रहे.
38 जिले से प्रतिभागी हुए शामिल
पूरे प्रदेश के 38 जिलों के सफल संयोजन और उत्कृष्ट नेतृत्व के आधार पर कुल पांच उत्कृष्ट नोडल अधिकारियों का चयन किया गया. इन पांच नोडल अधिकारियों में मगध विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं गया जिला के नोडल अधिकारी डॉ धर्मेंद्र कुमार भी शामिल हैं. गया जिला टीम के धावकों ने बालक व बालिका दोनों श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया.
10 हजार नकद और ट्रॉफी से सम्मानित
गया कॉलेज के श्रवण कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार की नकद राशि, ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र अपने नाम किया. भागलपुर के ऋतु राज ने द्वितीय स्थान हासिल कर 7,500 का नकद पुरस्कार जीता. गया जिला के कुणाल आर्य ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए 5,000 का नकद पुरस्कार व मेडल प्राप्त किया. बालिका वर्ग में गया की कमली कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और 10 हजार की पुरस्कार राशि तथा स्वर्ण पदक जीता.
मगध विश्वविद्यालय से तीन चयनित
राज्य स्तरीय मैराथन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय मैराथन 2026 के लिए बिहार से कुल छह उत्कृष्ट धावकों का चयन किया गया है. इनमें से तीन धावक (श्रवण कुमार, कमली कुमारी और कुणाल आर्य) गया जिले एवं मगध विश्वविद्यालय से संबंधित हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे.
खेल प्रेमियों ने दी शुभकामनाएं
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव कुमार रवि एवं रेड रन के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने सभी विजेताओं और सम्मानित नोडल अधिकारियों को बधाई दी. मगध विश्वविद्यालय प्रशासन, खेल प्रेमियों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस दोहरी सफलता पर नोडल अधिकारी डॉ धर्मेंद्र कुमार, टीम कोच एवं सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










