औरंगाबाद शहर में 23 से अधिक मोहल्लों में होगा चेहल्लुम का आयोजन, सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखेगा प्रशासन

Updated:
विज्ञापन
बैठक में शामिल थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

बैठक में शामिल थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए औरंगाबाद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और नियमों पर विस्तार से चर्चा हुई.

विज्ञापन

चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर औरंगाबाद नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. अध्यक्षता नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने की. इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया.

मोहल्लों से निकलने वाले ताजिया जुलूसों की दी गई जानकारी

बैठक में चेहल्लुम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, ताजिया जुलूस के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने पर विस्तार से चर्चा की गई. थानाध्यक्ष ने विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाले ताजिया जुलूसों की जानकारी लेते हुए सभी समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

इन चीजों पर रहेगी रोक

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि चेहल्लुम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. किसी भी प्रकार की समस्या या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस निकालने वाली प्रत्येक समिति को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा तथा ताजिया केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा. बैठक में डीजे बजाने, हथियारों के प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या किसी धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट साझा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई. अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी.

बंद रह सकती है बिजली आपूर्ति

प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निगरानी की जाएगी. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सादे लिबास में पुलिसकर्मी एवं महिला पुलिसकर्मी भी विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहेंगे. बिजली विभाग को जुलूस मार्ग पर जर्जर तारों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है.

इन मोहल्लों से निकलेगा जुलूस

चार अगस्त को शहर के पठान टोली, नावाडीह रोड, मूसा खान चौक, धरनीधर रोड, नावाडीह गंज, शेख फारूखी, साहगंज कलामी, नावाडीह बिगहा, अजमेर नगर, छोटी तालाब, छोटी कबीर, पुरानी काजी, न्यू काजी, दर्जी मोहल्ला, जर्माखांप, गंज मोहल्ला, कुरैशी मोहल्ला, टिकरी, अंसार बाग, अलीनगर, आजाद नगर, इस्लाम टोली, तेली मोहल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों में चेहल्लुम का आयोजन होगा. शाम में ताजिया जुलूस निकलेगा तथा देर रात कर्बला में पहलाम के साथ कार्यक्रम का समापन होगा.

बैठक में मो. शाहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान, वार्ड पार्षद सिकंदर हयात, अल्ताफ कुरैशी, खुर्शीद आलम, टिक्का खान, मो. हसन, मो. बिलाल, मो. शकील, उमेश सिंह, के.के. सिंह, मनोर कुमार, सतीश कुमार सहित विभिन्न अखाड़ा समितियों के उस्ताद एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे.


विज्ञापन
Manish Raj Singham

लेखक के बारे में

By Manish Raj Singham

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन