भारी बारिश और भूस्खलन से चार धाम यात्रा पर ब्रेक, दो दिन तक नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु

केदारनाथ हाइवे पर फैला मलबा (फोटो : ANI)
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चार धाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए रोक दिया गया है. केदारनाथ मार्ग पर कई जगह रास्ते बाधित हैं. प्रशासन, पुलिस और राहत टीमें हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं और श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की गई है.
Char Dham Yatra Suspended : यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए भारी बारिश और भूस्खलन के बाद चार धाम यात्रा मंगलवार और बुधवार के लिए रोक दी गई है. भूस्खलन के कारण तीर्थयात्रियों के रास्ते ब्लॉक हो जाने के बाद यह फैसला लिया गया. गढ़वाल के डिविजनल कमिश्नर ने बताया कि मौसम ठीक होते और रास्तों से मलबा हटने के बाद तुरंत ही यात्रा फिर से चालू कर दी जाएगी.
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में बताया गया कि केदारनाथ हाईवे के मनकटिया इलाके में पहाड़ से गिरे पत्थर और मलबों ने रोड जाम कर दिया है. वहीं मूसलाधार बारिश लगातार जारी है. सड़कों को क्लियर कराने के लिए भारी मशीनें लगाई गई हैं. ज़िला प्रशासन तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी उपाय कर रहा है.
यात्रा कंट्रोल रूम से हो रही लगातार निगरानी
प्रशासन ने बताया कि केदारनाथ यात्रा कंट्रोल रूम से पूरे हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. मौसम विभाग की चेतावनियों के आधार पर समय-समय पर सेक्टर अधिकारियों, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं. यात्रा मार्ग पर मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भी लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क रहने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) नंदन सिंह राजवार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें बाधित होने की आशंका बनी हुई है. मुक्कटिया क्षेत्र में भी सड़क कुछ समय के लिए बंद हो गई थी, जिसे तुरंत खोल दिया गया. हालांकि वहां अब भी चट्टानें गिरने का खतरा बना हुआ है.
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहद सावधानी से सड़क पार कराई जा रही है. सेक्टर अधिकारी और रेस्क्यू टीमें पूरे मार्ग की लगातार निगरानी कर रही हैं और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने की अपील की जा रही है.
देहरादून पुलिस हाई अलर्ट पर, संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि देहरादून और पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए पूरी पुलिस फोर्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है. उन्होंने कहा कि वह खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीमों को तैयार रखा गया है.
उन्होंने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें संवेदनशील और जोखिम वाले इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं. नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को पानी के बढ़ते स्तर के बारे में चेतावनी दी जा रही है और नदी के किनारे न जाने की सलाह दी जा रही है. वहीं, श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है. इसे देखते हुए गंगा घाटों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है.
ये भी पढ़ें : जश्न के वीडियो पर CJP की सफाई, बोली- 5 स्टार होटल नहीं, 37 दिन आंदोलन करने वाले वॉलंटियर्स का सम्मान था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










