Bihar News : गया में बड़ा हादसा, पितृपक्ष मेले में भीड़ नियंत्रित कर रहे पांच कैडेट डैम में गिरे, दो की मौत

Bihar News : भीड़ नियंत्रण के लिए देवघाट पर तैनात स्काउट एंड गाइड के पांच कैडेट को डैम में गिर गए. इसमें से दो की जान चली गई. मरने वालों की पहचान बेलागंज निवासी आलोक कुमार व रिया कुमारी के रूप में हुई है.
Bihar News : गया. पितृ पक्ष मेला क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है. स्काउट एंड गाइड के पांच कैडेट फल्गु नदी पर बने रबड़ डैम में गिर गए. इसमें से दो की मौत हो गई. दो कैडेट का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक लापता बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोगों की भीड़ लग गई. गोताखोरों की मदद से चार कैडेटों को बाहर निकाला गया. इसमें से दो की मौत हो गई. वहीं दो की हालत गंभीर है. इन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है.
साथी को बचाने के लिए कूदे थे दोनों कैडेट
बताया जा रहा है कि भीड़ नियंत्रण के लिए देवघाट पर तैनात स्काउट एंड गाइड के पांच कैडेट को डैम में गिर गए. इसमें से दो की जान चली गई. मरने वालों की पहचान बेलागंज निवासी आलोक कुमार व रिया कुमारी के रूप में हुई है. ये लोग एक किशोर को बचाने के लिए ही कूदे थे. दोनों के शव को निकाल लिया गया है. घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
अपनी जान देकर बचाई दूसरे की जान
लोगों का कहना है कि सीता कुंड में एक लड़के को डूबता देख पहले स्काउट एंड गाइड के तीन बच्चे बचाने के लिए कूदे. ये लोग भी डूबने लगे तो स्काउट एंड गाइड के ही दो और छात्र इन्हें बचाने के लिए कूद गए. इस तरह एक-एक कर कुल पांच छात्र पानी में कूदे थे. इनमें से तीन बच गए हैं. बचने वालों में नैंसी कुमारी, मनीषा कुमारी और विकास कुमार हैं. इन्हें इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. बताया जाता है कि जिस लड़के को बचाने के लिए स्काउट एंड गाइड के छात्र कूदे थे, उसे बचा लिया गया है. इस तरह खुद की जान देकर दूसरे की जान बचाई गई है.
डीएम ने किया मुआवजे का एलान
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. केके सिन्हा ने बताया कि स्काउट एंड गाइड के पांच छात्रों में से दो की मौत हो चुकी है. गंभीर रूप से घायल छात्रों को आईसीयू में भर्ती किया गया. वहीं गया के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने आपदा के एडीएम और सदर एसडीओ को मृतक के परिजनों को अनुग्रह अनुदान के तहत चार-चार लाख रुपया मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. पितृपक्ष मेले का आज अंतिम दिन है. इस दौरान तीर्थयात्रियों के साथ-साथ जिले के स्थानीय लोग भी अपने पितरों को मोक्ष और उद्धार दिलाने की कामना के साथ तर्पण करने के लिए पहुंचे हैं. भीड़ को देखते हुए नियंत्रण और यात्रियों की सेवा को लेकर स्काउट एंड गाइड के छात्रों को यहां लगाया गया था. इसी क्रम में यह हादसा हो गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




