बेकाबू गाड़ी की टक्कर से सड़क पर गिरे तीन युवक, डिवाइडर के एंगल से कटा एक का पैर

Published by : PRANJAL PANDEY Updated At : 14 Jun 2026 12:30 AM

विज्ञापन

गया-नवादा मुख्य मार्ग पर विष्णुपद थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर बाइपास के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ.

विज्ञापन

Gaya News : गया-नवादा मुख्य मार्ग पर विष्णुपद थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर बाइपास के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मोहम्मद अर्श का एक पैर कटकर सड़क के बीच बने डिवाइडर के लोहे के एंगल में फंस गया. वहीं, उसके दो अन्य साथी 18 वर्षीय मोहम्मद आसिफ अली और मोहम्मद सरफराज सरवर भी गंभीर रूप से घायल हो गये.

हादसे के बाद मची अफरातफरी, मंजर देख सहमे लोग

हादसा इतनी तेजी से हुआ कि राहगीरों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. सड़क पर लहूलुहान पड़े तीनों युवकों और डिवाइडर में फंसे कटे पैर को देखकर मौके पर अफरातफरी मच गयी. प्रत्यक्षदर्शी यह खौफनाक मंजर देखकर स्तब्ध रह गये. तुरंत स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को सड़क किनारे किया, कटे हुए पैर को गमछे से ढका और एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही विष्णुपद थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. इस बीच घायलों ने फोन कर अपने परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी थी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया.

कटे पैर के साथ पटना रेफर हुआ अर्श

तीनों घायलों में मोहम्मद अर्श की स्थिति सबसे ज्यादा नाजुक बनी हुई है. उसके सिर और पेट में भी गंभीर चोटें आई हैं. परिजन अर्श और उसके कटे हुए पैर को लेकर बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना एम्स रवाना हो गये. वहीं, मोहम्मद आसिफ अली के पैर की हड्डी टूट गयी है, जिसका इलाज गया जी शहर के कटारी हिल रोड स्थित एक निजी हड्डी अस्पताल में चल रहा है. हादसे में मोहम्मद सरफराज सरवर के पैर की एक अंगुली कट गयी है, उसका भी गया में ही इलाज किया जा रहा है.

शादी में शामिल होने गया जी आये थे युवक

घायल मोहम्मद आसिफ अली ने बताया कि मोहम्मद अर्श का परिवार मूल रूप से पटना में रहता है. वह अपने दोस्त के भाई की शादी में शामिल होने के लिए छह जून को गया स्थित अपने ननिहाल आया था. अर्श के ननिहाल वाले घुघड़ीटांड मुहल्ले में किराये पर रहते हैं. इसी मकान में मोहम्मद आसिफ अली का परिवार भी रहता है. वहीं, आसिफ का मौसेरा भाई मोहम्मद सरवर (निवासी अलबिला मोहल्ला, मुफस्सिल) भी उनसे मिलने आया हुआ था. शनिवार को तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर मार्केटिंग करने निकले थे. मानपुर से लौटते वक्त हनुमान मंदिर बाईपास पर वे इस खौफनाक हादसे का शिकार हो गए.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

विष्णुपद थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने बताया कि भीषण हादसे में एक युवक का पैर कटकर डिवाइडर में फंस गया था, जिसे परिजन पटना ले गये हैं. अन्य घायलों का इलाज गया में जारी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. टक्कर मारकर भागने वाले वाहन और उसके चालक की जल्द ही पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

मूल रूप से गोपालगंज के रहनेवाले प्रांजल पांडेय के पास पत्रकारिता का 13 वर्षों का विस्तृत अनुभव है. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर से जुड़े प्रांजल, फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग के विशेषज्ञ हैं. इसके अलावा राजनीति, खेल और सिनेमा पर भी इनकी गहरी पकड़ है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन