गया जी के 20,665 छात्रों का अपार आईडी लंबित, डीईओ ने एक सप्ताह में पूरा करने का दिया निर्देश

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय | Prabhat Khabar Network
गया जी जिले के 367 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 20,665 विद्यार्थियों का अपार आईडी लंबित होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कड़ी नाराजगी जताई है. आगामी मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के रजिस्ट्रेशन के लिए अपार आईडी को अनिवार्य करते हुए डीईओ ने एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है.
गया जी जिले के 367 माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 20,665 छात्रों का अपार आईडी लंबित रहने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कृष्ण मुरारी गुप्ता ने गहरी चिंता जाहिर की है. डीईओ ने जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक व प्रभारी एचएम को अपार आईडी निर्माण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जतायी है.
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के 367 विद्यालयों में अब भी 20,665 विद्यार्थियों का अपार आईडी नहीं बनाया गया है, जिसे अत्यंत चिंताजनक माना गया है.
लापरवाही बरतने पर होगी कठोर कार्रवाई
डीईओ ने पत्र जारी कर कहा है कि बार-बार निर्देश और स्मरण पत्र जारी किये जाने के बावजूद कई विद्यालयों द्वारा इस कार्य में शिथिलता और लापरवाही बरती जा रही है. इसे विभागीय कार्यों के प्रति उदासीनता तथा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में बाधा उत्पन्न करने वाला कृत्य माना गया है.
चेतावनी दी गई है कि यदि अपार आईडी के अभाव में किसी छात्र-छात्रा की शैक्षणिक गतिविधि प्रभावित होती है या वह किसी सरकारी योजना के लाभ से वंचित होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य, प्रधानाध्यापक अथवा प्रभारी प्रधानाध्यापक की होगी. ऐसे मामलों में संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
पंजीयन के लिए यूडायस कोड और अपार आईडी अनिवार्य
डीईओ ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि आगामी मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के पंजीकरण के लिए विद्यालय का यूडायस कोड और छात्र-छात्राओं का अपार आईडी अनिवार्य कर दिया गया है.
इसके बिना पंजीयन, सूचीकरण व परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी. डीईओ ने सभी विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि एक सप्ताह के भीतर अपने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










