गयाजी में जलजमाव रोकने की तैयारी तेज, डॉ प्रेम कुमार ने नाला सफाई का लिया जायजा
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 13 Jun 2026 9:00 PM
नालों और जारी विकास कार्यों का निरीक्षण करते विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार
Gaya Ji News : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने गया नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर के नालों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि अधिकांश नालों की सफाई लगभग पूरी हो चुकी है और शेष कार्य जल्द समाप्त कर दिए जाएंगे ताकि मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके.
गया जी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट
Gaya Ji News : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने शनिवार को गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया के साथ शहर के विभिन्न नालों और जारी विकास कार्यों का विस्तृत स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मानसून पूर्व शहर में चल रहे नाला सफाई अभियान की प्रगति की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉ प्रेम कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के कुल 338 छोटे नालों में से 250 से अधिक नालों की सफाई का कार्य पूरी तरह संपन्न किया जा चुका है.
बॉटम नाला की करीब 95 प्रतिशत हो चुकी सफाई
उन्होंने आगे बताया कि शहर के 18 बड़े नालों में से अधिकांश की सफाई लगभग 90 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी है और शेष बचे कार्यों को अगले सप्ताह तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जायेगा. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बॉटम नाला की करीब 95 प्रतिशत सफाई हो चुकी है, जबकि अन्य प्रमुख नालों की सफाई भी अब अपने अंतिम चरण में है. कुजापी क्षेत्र में रेलवे लाइन से संबंधित नाला का एक हिस्सा अभी साफ होना शेष है. इस संबंध में नगर आयुक्त और रेलवे प्रबंधन के साथ उच्च स्तरीय बैठक हो चुकी है तथा अगले दो-तीन दिनों में इस समस्या का सकारात्मक समाधान निकलने की उम्मीद है. इस मौके पर मुकेश शर्मा, पप्पू चंद्रवंशी, राजनंदन गांधी, वेद प्रकाश, सचिन ठाकुर, मनोज चंद्रवंशी, अमित पासवान, विवेक व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.

विधानसभा अध्यक्ष ने खुद सुनीं स्थानीय लोगों की समस्याएं
निरीक्षण के दौरान डॉ प्रेम कुमार ने वार्ड संख्या-29 के सियाड़ी मोहल्ले में प्रस्तावित नाला निर्माण स्थल का भी जायजा लिया और वहां जुटे स्थानीय लोगों की नागरिक समस्याएं सुनीं. उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का कड़ा निर्देश दिया. इसके अलावा वार्ड संख्या-29 के कलेर क्षेत्र में गड़त भूमि की घेराबंदी के लिए भी स्थल निरीक्षण किया गया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि की सुरक्षा एवं उसका सुव्यवस्थित विकास करने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जायेगी.
जल निकासी दुरुस्त करने के लिए नए नाला निर्माण की आवश्यकता
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों की टीम ने वार्ड संख्या-32 स्थित क्रेन स्कूल के निकट चल रहे नाला सफाई कार्य का भी बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान मानसून के समय होने वाले जलभराव की स्थिति को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा हुई. डॉ प्रेम कुमार ने वहां नए नाला निर्माण की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को जल्द एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए.
मानसून के दौरान जलजमाव से मुक्ति के लिए युद्ध स्तर पर कार्य
डॉ प्रेम कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानसून के दौरान गया जी में जलजमाव की समस्या से आम जनता को राहत दिलाने के लिए नगर निगम इस बार व्यापक स्तर पर सफाई व विकास कार्य कर रहा है. उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि भारी बारिश के दिनों में भी स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या नागरिक परेशानी का सामना न करना पड़े.
Also Read: गयाजी: महिला ने देवर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का लगाया आरोप, आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










