नई चीनी मिल के लिए गन्ना खेती बढ़ाने पर जोर, डीएम ने रोज 500 किसानों के पंजीकरण का दिया लक्ष्य

Updated:
विज्ञापन
बैठक की अध्यक्षता करते हैं डीएम  | Prabhat Khabar Network

बैठक की अध्यक्षता करते डीएम | Prabhat Khabar Network

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नई चीनी मिल की स्थापना को देखते हुए गन्ना खेती के विस्तार पर विशेष जोर दिया है. उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन 400 से 500 किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त है.

विज्ञापन

Darbhanga News: जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की विधि-व्यवस्था, भू-समाधान पोर्टल, भूमि विवादों के निष्पादन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, पंचायत सरकार भवन निर्माण तथा गन्ना खेती के लिए किसानों के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में सभी एसडीएम, एसडीपीओ, डीसीएलआर, सीओ, बीडीओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए.

गन्ना किसानों के पंजीकरण में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में डीएम ने जिले में प्रस्तावित नई चीनी मिल की स्थापना को देखते हुए गन्ना खेती के विस्तार पर विशेष जोर दिया. उन्होंने बीडीओ, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) एवं बीपीआरओ को समन्वित अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया.

डीएम ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में प्रतिदिन 400 से 500 किसानों की सदस्यता एवं पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने बताया कि किसानों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है.

भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन पर जोर

भू-समाधान पोर्टल एवं भूमि विवादों की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) एवं थानाध्यक्षों को प्रत्येक शनिवार संयुक्त बैठक आयोजित करने और उसकी प्रविष्टि समय पर भू-समाधान पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया.

उन्होंने जुलाई माह की सभी लंबित प्रविष्टियां तत्काल पूरी करने तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों का नियमित पंजी संधारित कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

सोमवार तक शुरू हो 35 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण

आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी सीओ को निर्देश दिया कि जिले के 35 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य हर हाल में सोमवार तक शुरू कराया जाए.

पंचायत सरकार भवन निर्माण में आने वाली बाधाएं दूर करने के निर्देश

पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जहां भूमि विवाद या अन्य प्रशासनिक कारणों से निर्माण कार्य लंबित है, वहां संबंधित एसडीएम एवं डीसीएलआर व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें.

बैठक में एसडीएम सदर कुमार गौरव, डीपीओ (आईसीडीएस) चांदनी सिंह, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, एलएईओ के सहायक अभियंता मंजूर अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
राज कुमार रंजन

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन